पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर भारी हंगामा: चांपा थाने का घेराव, पत्नी बच्चों संग धरने पर बैठी; आरक्षक निलंबित, मजिस्ट्रियल जांच का मिला आश्वासन
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
**************************************
पुलिस कस्टडी में युवक की मौत पर भारी हंगामा: चांपा थाने का घेराव, पत्नी बच्चों संग धरने पर बैठी; आरक्षक निलंबित, मजिस्ट्रियल जांच का मिला आश्वासन
जांजगीर-चांपा: पुलिस अभिरक्षा में लिए गए मेहंदीपारा निवासी शिव सहिस उर्फ गुल्लू की इलाज के दौरान हुई मौत के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना से आक्रोशित स्वजनों और मोहल्लेवासियों ने चांपा थाने का घेराव कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक की पत्नी अपने छोटे बच्चों के साथ न्याय की मांग को लेकर थाने के बाहर धरने पर बैठ गई और शव लेने से इंकार कर दिया।
शराब मामले में किया गया था गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, शिव सहिस को महुआ शराब से जुड़े आबकारी मामले में चांपा पुलिस ने हिरासत में लिया था। गिरफ्तारी के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे तत्काल बीडीएम अस्पताल चांपा में भर्ती कराया गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मुआवजे और कार्रवाई को लेकर घेराव
युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंच गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस की लापरवाही के कारण शिव की जान गई है। स्वजनों ने प्रशासन के समक्ष मांगें रखीं:
परिवार को 50 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए।
परिवार के एक सदस्य को नौकरी तथा बच्चों की पढ़ाई व भरण-पोषण की पूरी व्यवस्था की जाए।
मामले में संलिप्त दो पुलिसकर्मियों को तुरंत बर्खास्त किया जाए।
आरक्षक निलंबित, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश
बढ़ते जनआक्रोश को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने आबकारी मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
प्रशासनिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में परिजनों के साथ लंबी बातचीत हुई। प्रशासन द्वारा मामले की निष्पक्ष मजिस्ट्रियल जांच कराने, मृतक की पत्नी को एक निजी कंपनी में नौकरी देने तथा बच्चों की शिक्षा एवं भरण-पोषण का जिम्मा उठाने का लिखित व मौखिक आश्वासन दिया गया।
“मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए गए हैं। स्वजनों को आर्थिक सहायता, नौकरी और बच्चों की शिक्षा का आश्वासन दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। शुक्रवार को मृतक का अंतिम संस्कार किया जाएगा।”
— डॉ. यूलैण्डन यार्क, एएसपी (जांजगीर)
आश्वासन के बाद परिजनों ने अपना धरना समाप्त किया और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाने पर सहमति जताई। पुलिस प्रशासन इलाके में स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।





