कांकेर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: नक्सलियों का डंप बरामद, भारी मात्रा में हथियार और सामग्री जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
************************************
कांकेर में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता: नक्सलियों का डंप बरामद, भारी मात्रा में हथियार और सामग्री जब्त
कांकेर।छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे माओवादी उन्मूलन अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोरखंडी के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों से सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार, उपकरण और नक्सल साहित्य बरामद किया है।
संयुक्त अभियान के तहत हुई कार्रवाई
यह सफलता 24 अगस्त को चलाए गए एक विशेष सर्चिंग अभियान के दौरान मिली। इस कार्रवाई में जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीमें शामिल थीं। सघन तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए एक गुप्त डंप का पता चला।
बरामद की गई सामग्री:
4 भरमार बंदूकें
3 भरमार बंदूकों के बैरल
1 वायरलेस सेट
1 जीपीएस (GPS) उपकरण
1 छोटा सोलर प्लेट और चार्जर
3 बंडल बिजली का तार
भारी मात्रा में नक्सल साहित्य
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अभियान जारी
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) बद्री नारायण मीणा के मार्गदर्शन में वर्तमान में आत्मसमर्पित माओवादियों से मिली जानकारियों के आधार पर नक्सली डंपों को खोजने और बरामद करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस अभियान का नेतृत्व डीआईजी BSF भानुप्रतापपुर दीपक तिवारी, कांकेर पुलिस अधीक्षक (SP) निखिल राखेचा और 94वीं वाहिनी BSF के प्रभारी सेनानी सुभाष चंद्र कर रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है और जंगलों में छिपे अन्य डंपों की तलाश के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





