बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोलकाता से ‘अमेरिकन OG गांजा’ मंगाकर बिलासपुर में खपाने वाला हाईप्रोफाइल तस्कर गिरफ्तार, 7.65 लाख का माल जब्त
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कोलकाता से ‘अमेरिकन OG गांजा’ मंगाकर बिलासपुर में खपाने वाला हाईप्रोफाइल तस्कर गिरफ्तार, 7.65 लाख का माल जब्त
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में सिरगिट्ठी थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कोलकाता से कोरियर के जरिए ‘अमेरिकन ओजी (ओरिजनल गैंगस्टर) गांजा’ मंगाकर बिलासपुर के युवाओं में सप्लाई करने वाले एक शातिर तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कीमती विदेशी गांजा, कार और मोबाइल सहित कुल 7 लाख 65 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया गया है।
तिफरा बस स्टैंड के पीछे घेराबंदी कर दबोचा
ट्रेनी डीएसपी और सिरगिट्ठी थाना प्रभारी आकाश चौधरी ने बताया कि पुलिस को शहर में बाहरी राज्यों से नशीला पदार्थ मंगाकर सप्लाई किए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सटीक इनपुट के आधार पर पुलिस ने तस्कर को रंगे हाथ पकड़ने के लिए तिफरा के नए बस स्टैंड के पीछे नाकेबंदी की। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर उसमें बैठे युवक को हिरासत में लिया। कार की डिक्की की तलाशी लेने पर एक पॉलिथीन में छिपाकर रखा गया 5.32 ग्राम प्रीमियम ओजी (OG) गांजा बरामद हुआ।
रायपुर के रास्ते बिलासपुर पहुंचता था नशा
पकड़े गए आरोपी की पहचान शोभित जाजोदिया उर्फ अक्षत जाजोदिया (32 वर्ष), निवासी लिंक रोड, तारबाहर के रूप में हुई है। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पुलिस के सामने तस्करी के इस पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। उसने बताया कि:कोलकाता कनेक्शन: कुछ समय पहले वह कोलकाता में अपने मामा के घर गया था, जहां उसे इस बेहद महंगे ‘अमेरिकन ओजी गांजे’ के बारे में पता चला। इसके बाद उसने बिलासपुर में इसकी डिमांड और तगड़े मुनाफे को देखते हुए सप्लाई का प्लान बनाया।
पकड़े जाने से बचने का पैंतरा:
पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए आरोपी सीधे बिलासपुर पार्सल नहीं मंगाता था। वह पहले कोरियर के जरिए इसे रायपुर के एक पते पर डिलीवर करवाता था।1000 रुपये का कूरियर बॉय: रायपुर से बिलासपुर तक पार्सल सुरक्षित लाने के लिए शोभित ने एक लोकल युवक को काम पर रखा था, जिसे प्रति चक्कर 1,000 रुपये का भुगतान किया जाता था।
7.65 लाख रुपये का माल जब्त, NDPS एक्ट में जेल
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी शोभित जाजोदिया के पास से:5.32 ग्राम कीमती अमेरिकन ओजी गांजा
तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार
डील के लिए इस्तेमाल होने वाला मोबाइल फोनइन सभी सामग्रियों को मिलाकर कुल 7,65,000 रुपये का माल जब्त कर लिया है।
सिरगिट्ठी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट (NDPS एक्ट) के तहत अपराध दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में रायपुर और कोलकाता के सप्लायर नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।





