दुर्ग में सोमवार से खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला अत्याधुनिक ‘स्मार्ट पंजीयन कार्यालय’, महज 20 मिनट में होगी रजिस्ट्री
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
दुर्ग में सोमवार से खुलेगा छत्तीसगढ़ का पहला अत्याधुनिक ‘स्मार्ट पंजीयन कार्यालय’, महज 20 मिनट में होगी रजिस्ट्री
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के नागरिकों के लिए राहतभरी खबर है। प्रदेश में पंजीयन सेवाओं को अत्याधुनिक, पारदर्शी और पूरी तरह नागरिक-केंद्रित बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार को दुर्ग में अत्याधुनिक ‘स्मार्ट पंजीयन कार्यालय’ की शुरुआत होने जा रही है। इस नई डिजिटल व्यवस्था के लागू होने से अब संपत्ति की रजिस्ट्री कराने के लिए लंबी लाइनों में खड़े होने की पुरानी झंझट से मुक्ति मिल जाएगी।

कैशलेस भुगतान और व्हाट्सएप पर मिलेगी कॉपी
वित्त एवं वाणिज्यिक कर मंत्री ओपी चौधरी इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव करेंगे। जिला पंजीयक प्रियंका श्रीरंगे ने बताया कि इस आधुनिक कार्यालय में रजिस्ट्री की संपूर्ण प्रक्रिया अब महज 15 से 20 मिनट के भीतर पूरी हो जाएगी। नागरिकों की सुविधा के लिए यहाँ ई-अपाइंटमेंट, डिजिटल फोटोग्राफी, डिजिटल हस्ताक्षर, बायोमेट्रिक सत्यापन और हाई-टेक दस्तावेज स्कैनिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

सबसे खास बात यह है कि पंजीकृत दस्तावेजों की प्रमाणित प्रति सीधे नागरिकों के व्हाट्सएप नंबर पर भेजी जाएगी। इसके अलावा स्टाम्प और पंजीयन शुल्क का भुगतान यूपीआई, नेट बैंकिंग या कार्ड के जरिए पूरी तरह से कैशलेस होगा।

दफ्तरों के चक्करों से मुक्ति, स्वतः होगा नामांतरण
आम जनता को सबसे बड़ी राहत ‘स्वतः नामांतरण’ (Auto Mutation) की आधुनिक सुविधा से मिलेगी। भूमि पंजीयन होते ही राजस्व अभिलेखों में क्रेता का नाम ऑटोमैटिक दर्ज हो जाएगा। इसके लिए अब अलग से आवेदन देने या दफ्तरों के चक्कर काटने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
कॉर्पोरेट जैसा शानदार इंफ्रास्ट्रक्चर
कार्यालय परिसर को पूरी तरह हाई-टेक और आरामदायक बनाया गया है। यहाँ आने वाले नागरिकों के लिए वातानुकूलित (AC) प्रतीक्षालय, डिजिटल टोकन प्रणाली, हेल्प डेस्क, फ्री वाई-फाई, स्वच्छ पेयजल, सीसीटीवी निगरानी और दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे लोगों को एक बेहतरीन और सुविधाजनक अनुभव मिलेगा।





