रायगढ़ के लैलूंगा में गुरु-शिष्य परंपरा तार-तार: छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने वाले प्रोफेसर की मंगेतर संग मिलकर धुनाई,
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
रायगढ़ के लैलूंगा में गुरु-शिष्य परंपरा तार-तार: छात्रा को अश्लील मैसेज भेजने वाले प्रोफेसर की मंगेतर संग मिलकर धुनाई,
लैलूंगा (रायगढ़)। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के आदिवासी अंचल लैलूंगा से गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कॉलेज प्रोफेसर पर अपनी ही छात्रा को लंबे समय से अश्लील मैसेज भेजकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगा है। प्रोफेसर की इन हरकतों से तंग आकर छात्रा ने अपने मंगेतर के साथ मिलकर कॉलेज परिसर में ही उसकी जमकर क्लास लगा दी और थप्पड़ों से धुनाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
डेढ़ साल से प्रताड़ित कर रहा था प्रोफेसर
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्रा काजल मिंज लैलूंगा तहसील स्थित संत रामेश्वर गहिरा गुरु महाविद्यालय में पढ़ाई करती है। छात्रा का आरोप है कि कॉलेज के बॉटनी (वनस्पति विज्ञान) विभाग के प्रोफेसर रेमन भार्गव पिछले डेढ़ साल से उसे टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए लगातार अश्लील और आपत्तिजनक मैसेज भेज रहे थे। प्रोफेसर लगातार उस पर बातचीत करने का दबाव बनाते थे और मर्यादा विहीन प्रस्ताव रखते थे।
समझाने के बाद भी नहीं सुधरा शादीशुदा प्रोफेसर
पीड़िता ने बताया कि उसने कई बार प्रोफेसर को लोक-लाज और मर्यादा का हवाला देते हुए समझाने की कोशिश की थी। छात्रा ने प्रोफेसर से कहा था कि वह अभी अविवाहित है, जबकि प्रोफेसर खुद शादीशुदा हैं; इसलिए वे अपनी इन ओछी हरकतों से बाज आएं। इसके बावजूद प्रोफेसर रेमन भार्गव की हरकतों में कोई सुधार नहीं आया और उनकी मानसिक प्रताड़ना लगातार जारी रही।
कॉलेज में बढ़ा विवाद, मंगेतर के साथ मिलकर सिखाया सबक
प्रोफेसर की रोज-रोज की बदतमीजी से तंग आकर छात्रा अंततः अपने मंगेतर को साथ लेकर प्रोफेसर से बात करने कॉलेज पहुंची। वहां बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। गुस्से से आगबबूला छात्रा और उसके मंगेतर ने प्रोफेसर की जमकर धुनाई कर दी। इस बीच वहां मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी पिटाई का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
“मेरे पास हैं सारे डिजिटल सबूत”, थाने पहुंची पीड़िता
घटना के तुरंत बाद पीड़ित छात्रा लैलूंगा थाने पहुंची और प्रोफेसर रेमन भार्गव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। छात्रा ने पुलिस प्रशासन से आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। छात्रा का दृढ़ता से कहना है कि उसके पास प्रोफेसर द्वारा भेजे गए सभी अश्लील मैसेज, चैट और डिजिटल प्रमाण पूरी तरह सुरक्षित हैं, जिन्हें वह जांच के दौरान पेश करेगी। छात्रा ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि उसे स्थानीय स्तर पर न्याय नहीं मिला, तो वह न्याय के लिए महिला थाना रायगढ़ का दरवाजा खटखटाएगी।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
शिकायत मिलने के बाद लैलूंगा थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और छात्रा द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के आधार पर मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपी प्रोफेसर के खिलाफ उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे।





