कलयुगी बेटे की हैवानियत: शराब के नशे में खाना नहीं देने पर माँ को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कलयुगी बेटे की हैवानियत: शराब के नशे में खाना नहीं देने पर माँ को डंडे से पीट-पीटकर मार डाला, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
खास बातें:घटनास्थल: ग्राम धुरली टिटेमपारा, थाना भांसी, जिला दंतेवाड़ा।
मृतिका: बुधरी तेलाम (60 वर्ष)।आरोपी: सामु उर्फ श्याम तेलाम (32 वर्ष) – मृतिका का पुत्र।
पुलिस कार्रवाई: भांसी थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
दंतेवाड़ा।छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले से रिश्तों को तार-तार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ के भांसी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम धुरली टिटेमपारा में एक कलयुगी बेटे ने शराब के नशे में चूर होकर अपनी ही 60 वर्षीय माँ की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।

खाना नहीं परोसने पर आया गुस्सा
दंतेवाड़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतिका बुधरी तेलाम (60 वर्ष) की हत्या उसके सगे बेटे सामु उर्फ श्याम तेलाम (32 वर्ष) ने की है। आस-पास के ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी श्याम तेलाम घटना के वक्त अत्यधिक शराब के नशे में धुत था। उसने घर पहुँचकर अपनी माँ से खाना मांगा था। माँ द्वारा खाना देने में असमर्थता जताने या देरी करने पर आरोपी आपा खो बैठा और आक्रोशित हो गया।
बांस के डंडे से सिर पर किया वार
गुस्से में पागल हुए आरोपी बेटे ने घर के पास ही रखे एक भारी-भरकम बांस के डंडे को उठाया और अपनी बुजुर्ग माँ के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। चोट इतनी गंभीर थी कि अत्यधिक खून बह जाने के कारण बुजुर्ग महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्तारी के डर से मौके से फरार हो गया था।
नये कानून (BNS) के तहत मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही भांसी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुँची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत अपराध पंजीकृत कर जांच शुरू की।
24 घंटे में सलाखों के पीछे पहुँचा कातिल बेटा
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी और वारदात के 24 घंटे के भीतर ही आरोपी सामु उर्फ श्याम तेलाम को घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने शराब के नशे में अपनी माँ की हत्या करने का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 19 जून को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से अदालत ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने का आदेश जारी कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।





