बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा: बेलतरा में कोयले से भरा ट्रेलर पलटा, बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

 बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा: बेलतरा में कोयले से भरा ट्रेलर पलटा, बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*********************************

 

 

 

बिलासपुर में भीषण सड़क हादसा: बेलतरा में कोयले से भरा ट्रेलर पलटा, बाइक सवार दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

 

 

बिलासपुर (रतनपुर): छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के रतनपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बेलतरा में एक बेहद दर्दनाक और भीषण सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ कोरबा की ओर से आ रहे कोयले से लदे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने दो सगे भाइयों की जिंदगी छीन ली। रफ्तार का कहर इस कदर बरपा कि अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर से टकराकर सीधे सड़क पर पलट गया, जिसकी चपेट में आने से बाइक सवार दोनों भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

काम खत्म कर घर लौट रहे थे मासूम भाईमृतक भाइयों की पहचान बेलतरा निवासी संदीप रजक (23 वर्ष) और प्रदीप रजक (20 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों भाई कुश कुमार रजक के पुत्र थे और अपनी आजीविका चलाने के लिए शिवम मोटर्स में मजदूरी का काम करते थे। रोज की तरह वे दोनों भाई अपनी मेहनत-मजदूरी खत्म कर बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। रात करीब आठ बजे जैसे ही वे बेलतरा पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे काल बने ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

ट्रेलर के नीचे दबे शव, मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोरबा की तरफ से आ रहा ट्रेलर अत्यधिक तेज गति में था। पेट्रोल पंप के पास चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर डिवाइडर से टकराकर बीच सड़क पर पलट गया। इसी दौरान बाइक सवार संदीप और प्रदीप ट्रेलर की सीधी चपेट में आ गए और भारी-भरकम वाहन व कोयले के मलबे के नीचे बुरी तरह दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में ग्रामीण व राहगीर इकट्ठा हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और उच्चाधिकारियों का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस की टीम तत्काल दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए मौके पर लोडर मशीन मंगवाई गई। काफी मशक्कत के बाद ट्रेलर के नीचे दबे दोनों भाइयों के शवों को बाहर निकाला जा सका। पुलिस ने शवों का पंचनामा कर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद शुक्रवार को उनका पीएम संपन्न हुआ।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) मधुलिका सिंह और पुलिस उपाधीक्षक (DSP) नूपुर उपाध्याय ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने हाईवे पर से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात व्यवस्था को संभाला और आवागमन को दोबारा बहाल कराया।

कमाऊ बेटों की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह ट्रेलर की अत्यधिक तेज रफ्तार थी। एक ही झटके में घर के दो युवा और कमाऊ सदस्यों को खोने के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और अपनों के क्षत-विक्षत शव देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

ग्रामीणों ने बताया कि संदीप और प्रदीप बेहद मेहनती युवक थे, जो कम उम्र में ही मजदूरी कर अपने पूरे परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। दोनों सगे भाइयों की असमय मौत से आज पूरा बेलतरा गांव गमगीन है और हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है।