बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा: बस को ओवरटेक करने के चक्कर में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें; दूसरी बाइक का फुटरेस्ट सिर में घुसने से नपा कर्मचारी की मौत

 बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा: बस को ओवरटेक करने के चक्कर में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें; दूसरी बाइक का फुटरेस्ट सिर में घुसने से नपा कर्मचारी की मौत

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*******************************

 

 

बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा: बस को ओवरटेक करने के चक्कर में आमने-सामने भिड़ीं दो बाइकें; दूसरी बाइक का फुटरेस्ट सिर में घुसने से नपा कर्मचारी की मौत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पाररास में गणेश मंदिर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक बस को ओवरटेक करने के प्रयास में दो मोटरसाइकिलों के बीच जबरदस्त आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक सवार युवक उछलकर सामने से आ रही दूसरी बाइक के फुटरेस्ट पर जा गिरा, जिससे लोहे का वह हिस्सा सीधे उसके सिर में जा घुसा। काफी मशक्कत के बाद गैस कटर की मदद से लोहे को काटकर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 10:00 बजे की है। पाररास वार्ड क्रमांक-1 का निवासी वामेन साहू (35 वर्ष), जो नगर पालिका में स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्लेसमेंट कर्मचारी (हेल्पर) के रूप में काम करता था, अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गणेश मंदिर के पास उसने आगे चल रही एक बस को ओवरटेक करने की कोशिश की। सड़क का वह हिस्सा संकरा था और बस के आगे होने के कारण वामेन को सामने से आ रही दूसरी बाइक का अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे दोनों बाइकों की सीधी भिड़ंत हो गई।

कटर मशीन से काटना पड़ा फुटरेस्ट

टक्कर के बाद वामेन हवा में उछला और दूसरी बाइक के फुटरेस्ट पर जा गिरा। लोहे का तीखा हिस्सा उसके सिर में बुरी तरह धंस गया। मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन वामेन का सिर बुरी तरह फंसा हुआ था। स्थिति को देखते हुए तुरंत मौके पर कटर मशीन मंगवाई गई और लोहे के फुटरेस्ट को काटकर वामेन को अलग किया गया।इसके बाद उसे फुटरेस्ट के टुकड़े सहित एम्बुलेंस के जरिए तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया गया। जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रायपुर के मेकाहारा (मेकीहारा) अस्पताल रेफर कर दिया। यहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बाल-बाल बचा दंपती

दूसरी मोटरसाइकिल पर घुमका निवासी पुनाराम यादव (45 वर्ष) अपनी पत्नी भगवंतीन (40 वर्ष) के साथ आमापारा स्थित अपनी साली के घर आ रहे थे। हादसे के वक्त पुनाराम ने सामने से आ रही वामेन की तेज रफ्तार बाइक को देखकर खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में गिर गई। इस घटना में दंपती को मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उनकी बाइक का फुटरेस्ट ही इस बड़े हादसे का कारण बन गया।

परिवार का इकलौता सहारा था वामेन

वार्डवासियों के मुताबिक, वामेन के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है और वह अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके अचानक चले जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वामेन के पीछे उसकी वृद्ध माँ, पत्नी और दो मासूम बेटे (उम्र लगभग 10 और 12 वर्ष) रह गए हैं।

पुलिस का बयान: तेज रफ्तार और ओवरटेकिंग बनी वजह

 

मामले की जानकारी देते हुए बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि शुरुआती जाँच में दुर्घटना का मुख्य कारण वाहनों की तेज रफ्तार और संकरी सड़क पर गलत तरीके से ओवरटेक करना सामने आया है। बस की ओट में होने के कारण दोनों बाइक चालकों को सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं दिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जाँच शुरू कर दी है।