भीषण सड़क हादसा: बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर खड़े टैंकर में घुसी तेज रफ्तार कार, बलिया की महिला की मौत, एक ही परिवार के 5 घायल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*********************************
भीषण सड़क हादसा: बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर खड़े टैंकर में घुसी तेज रफ्तार कार, बलिया की महिला की मौत, एक ही परिवार के 5 घायल
अंबिकापुर। बभनी-अंबिकापुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ विष्णु प्रिया ढाबा (पोखरा) के पास सड़क किनारे खड़े एक टैंकर में तेज रफ्तार कार पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।
हादसे में कार सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी पीड़ित उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले हैं।
नींद की झपकी बनी हादसे का कारण
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, बलिया जिले के सिकंदरपुर निवासी सिंह परिवार कार द्वारा रेणुकूट के रास्ते रायपुर (छत्तीसगढ़) जा रहा था। गुरुवार सुबह जैसे ही उनकी कार बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर स्थित विष्णु प्रिया ढाबा के पास पहुँची, तभी चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई। तेज रफ्तार होने के कारण कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े टैंकर के पीछे जा टकराई।
कार काटकर निकाले गए घायल
टक्कर की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुँचे। कार के परखच्चे उड़ जाने के कारण घायल लोग अंदर ही बुरी तरह फँस गए थे। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार के हिस्सों को काटकर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस भी मौके पर पहुँच गई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 33 वर्षीय रुचि सिंह को मृत घोषित कर दिया।
मृतक और घायलों की सूची:
रुचि सिंह (33 वर्ष) — पत्नी पवन सिंह (मृतक)यतेंद्र सिंह (70 वर्ष) — हालत नाजुक (वाराणसी रेफर)पवन सिंह (35 वर्ष) — हालत नाजुक (वाराणसी रेफर)मालती सिंह (65 वर्ष) — घायल (स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी)पंकज सिंह (32 वर्ष) — घायल (स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी)रिमझिम (4 वर्ष) — घायल (स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी)
वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर
अस्पताल के डॉक्टरों ने यतेंद्र सिंह और पवन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। वहीं, 4 वर्षीय मासूम बच्ची रिमझिम सहित अन्य घायलों का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जाँच कर रही है।





