राजनांदगांव: जमातपारा में संदिग्ध गतिविधियों पर भड़के वार्डवासी, पुलिस ने लॉज संचालक सहित दो को लिया हिरासत में

 राजनांदगांव: जमातपारा में संदिग्ध गतिविधियों पर भड़के वार्डवासी, पुलिस ने लॉज संचालक सहित दो को लिया हिरासत में

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

राजनांदगांव: जमातपारा में संदिग्ध गतिविधियों पर भड़के वार्डवासी, पुलिस ने लॉज संचालक सहित दो को लिया हिरासत में

राजनांदगांव,: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव शहर के जमातपारा इलाके में मंगलवार दोपहर को भारी हंगामा हो गया। गुरुद्वारा के पीछे स्थित एक कार्यालय में लंबे समय से चल रही संदिग्ध व कथित अनैतिक गतिविधियों से परेशान होकर वार्डवासियों ने अचानक वहां दबिश दे दी। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और कुछ समय के लिए स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और हालात को काबू में किया।

लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें, स्थानीय लोगों ने घेरा

स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि इस परिसर में काफी समय से संदेहास्पद गतिविधियां संचालित हो रही थीं, जिससे मोहल्ले के लोगों में भारी आक्रोश था। मंगलवार (9 जून) को स्थानीय लोगों का सब्र टूट गया और उन्होंने एकजुट होकर पूरे परिसर की घेराबंदी कर दी और वहां पहुंचकर कड़ा विरोध जताया। हंगामे की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया था।

कार्यालय से मिले दो संदिग्ध, पुलिस को गुमराह करने का प्रयास

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम को कार्यालय के भीतर से एक महिला और कैलाश लॉज के संचालक प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन (45 वर्ष) मिले। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए बसंतपुर थाने लाया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, थाने में पूछताछ के दौरान दोनों व्यक्तियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिए और वे लगातार पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग के आला अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के सीधे निर्देशन में पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया। क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

एसडीएम न्यायालय में पेश, आगे की जांच जारी

बसंतपुर थाना पुलिस ने सभी जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रीमन कुमार जैन उर्फ अप्पू जैन और संबंधित महिला को एसडीएम (SDM) न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए अनैतिक गतिविधियों के आरोपों की गंभीरता से पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।