कवर्धा में भीषण सड़क हादसा: 3 दिनों तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद आरक्षक रुपेश राजपूत ने तोड़ा दम, दो का इलाज जारी

 कवर्धा में भीषण सड़क हादसा: 3 दिनों तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद आरक्षक रुपेश राजपूत ने तोड़ा दम, दो का इलाज जारी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

***************************

 

 

कवर्धा में भीषण सड़क हादसा: 3 दिनों तक जिंदगी से जंग लड़ने के बाद आरक्षक रुपेश राजपूत ने तोड़ा दम, दो का इलाज जारी

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोहारा थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल पुलिस आरक्षक रुपेश राजपूत की आज इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे में घायल एक अन्य पुलिसकर्मी समेत दो लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आरक्षक की मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।

चुनावी ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक आरक्षक रुपेश राजपूत जिला विशेष शाखा (DSB) में पदस्थ थे। सोमवार को वे अपने साथी आरक्षक रेखूराम धुर्वे के साथ लोहारा नगर पंचायत उपचुनाव से जुड़ी गोपनीय जानकारी और डेटा इकट्ठा करने की ड्यूटी पर गए थे। अपनी शासकीय ड्यूटी पूरी करने के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान लोहारा नगर पंचायत की सीमा के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि बिखर गए दोनों वाहन

यह भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों पुलिसकर्मी सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी बाइक चला रहा युवक भी इस हादसे में बुरी तरह जख्मी हुआ। दुर्घटना होते ही घटना स्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

रायपुर में चल रहा था इलाज, नहीं बच सकी जान

जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद आरक्षक रुपेश राजपूत की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तत्काल रायपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था। रायपुर के अस्पताल में तीन दिनों तक मौत से संघर्ष करने के बाद आखिरकार आज रुपेश राजपूत ने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दूसरे आरक्षक रेखूराम धुर्वे और अन्य युवक का इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में जारी है।

पुलिस कर रही मामले की जांच

लोहारा थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दो दिन पहले दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दो पुलिस जवानों समेत तीन लोग घायल हुए थे। गंभीर चोटें आने के कारण आरक्षक रुपेश राजपूत को रायपुर रेफर किया गया था, जहां आज इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने इस सड़क हादसे के संबंध में मर्ग कायम कर लिया है और मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।