रायगढ़ में रफ्तार का कहर: अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, एक युवक की मौके पर ही मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल; घटना CCTV में कैद
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
रायगढ़ में रफ्तार का कहर: अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, एक युवक की मौके पर ही मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल; घटना CCTV में कैद
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा जाने के कारण एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। यह पूरी घटना पास की एक दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
ओडिशा से लौटते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा के ग्राम डाकदही निवासी तपवन गुप्ता (42 वर्ष) अपनी बाइक से ओडिशा के ग्राम गिरसिंघा गए थे। वहाँ वह अपने रिश्तेदार रथ भोई (40 वर्ष) से मिलने गए थे। गुरुवार की सुबह दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर वापस अपने गाँव डाकदही लौट रहे थे।
अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार बाइक
वापसी के दौरान जब वे तमनार क्षेत्र के हुंकराडीपा रोड पर पहुँचे, तभी उनकी तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अधिक होने के कारण बाइक सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर दूर जा गिरे, जबकि उनकी मोटरसाइकिल सड़क पर काफी दूर तक घिसटती चली गई।सिर पर गंभीर चोट लगने से मौके पर तोड़ा दमइस हादसे में तपवन गुप्ता के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं, जिसके कारण उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वहीं, बाइक पर पीछे बैठे उनके रिश्तेदार रथ भोई के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के तुरंत बाद घटना स्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
पुलिस कार्रवाई और जाँच जारी
स्थानीय ग्रामीणों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत मामले की सूचना तमनार थाना पुलिस को दी।सूचना मिलते ही पुलिस के जवान मौके पर पहुँचे। पुलिस ने तत्काल घायल रथ भोई को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही पुलिस ने मृतक तपवन गुप्ता के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई है।





