दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात: जेवरा सिरसा चौकी से 100 मीटर दूर दिव्यांग मां की हत्या, मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटा हिरासत में
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात: जेवरा सिरसा चौकी से 100 मीटर दूर दिव्यांग मां की हत्या, मानसिक रूप से अस्वस्थ बेटा हिरासत में
दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पुलिस चौकी से महज 100 मीटर की दूरी पर एक 50 वर्षीय दिव्यांग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मृतका के बेटे को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। मामला शनिवार देर रात का बताया जा रहा है।
घर में मिला दिव्यांग महिला का शव
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 50 वर्षीय सरस्वती पटेल के रूप में हुई है। वह शारीरिक रूप से दिव्यांग थीं और अपने बेटे अश्वनी पटेल के साथ रहती थीं। आसपास के लोगों और पड़ोसियों के अनुसार, अश्वनी मानसिक रूप से अस्वस्थ है। शनिवार रात घर में केवल मां-बेटे ही मौजूद थे, जिसके बाद यह खौफनाक वारदात हुई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी उप निरीक्षक खगेन पठारे ने बताया कि महिला का शव घर के भीतर संदिग्ध हालत में मिला था। शुरुआती जांच में ही हत्या की आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
बेटे पर हत्या का शक, पुलिस कर रही पूछताछ
दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान मिले हैं। घटना के वक्त घर में केवल बेटा ही मौजूद था, इसलिए शक के आधार पर अश्वनी पटेल को हिरासत में लिया गया है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या की असली वजह और पूरी कड़ियों का खुलासा हो सकेगा।





