बालोद में दर्दनाक हादसा: तांदुला नहर में बेटी को तैरना सिखाते समय पिता-पुत्री बहे, पिता का शव मिला, बच्ची अब भी लापता

 बालोद में दर्दनाक हादसा: तांदुला नहर में बेटी को तैरना सिखाते समय पिता-पुत्री बहे, पिता का शव मिला, बच्ची अब भी लापता

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

 

 

बालोद में दर्दनाक हादसा: तांदुला नहर में बेटी को तैरना सिखाते समय पिता-पुत्री बहे, पिता का शव मिला, बच्ची अब भी लापता

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के पीपरछेड़ी गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ तांदुला नहर में नहाने और तैरना सीखने के दौरान एक पिता और उसकी 12 वर्षीय बेटी नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गए। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद पिता का शव बरामद कर लिया है, जबकि मासूम बच्ची की तलाश अब भी जारी है।

ससुराल आया था मृतक

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर (35 वर्ष) अपनी ससुराल पीपरछेड़ी आया हुआ था। वह अपनी 12 साल की बेटी पल्लवी गंजीर को लेकर गांव के पास स्थित तांदुला नहर में गया था। पिता अपनी बेटी को तैरना सिखा रहा था, तभी अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बहने लगे।

एक बच्ची की बची जान

हादसे के वक्त एक अन्य बच्ची दामिनी (निवासी पीपरछेड़ी) भी पानी की चपेट में आकर बहने लगी थी, लेकिन वहां मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, यमन और पल्लवी गहरे पानी में ओझल हो गए।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

घटना की सूचना मिलते ही बालोद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन को आसान बनाने के लिए तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से रुकवाया गया। घंटों की तलाश के बाद गोताखोरों ने यमन गंजीर का शव ढूंढ निकाला, जिसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस और गोताखोरों की टीम लापता बच्ची पल्लवी की तलाश में लगातार नहर के बहाव वाले क्षेत्रों में सर्चिंग कर रही है। इस हादसे के बाद पीपरछेड़ी और धोबनपुरी दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।