B.Tech डिग्री, पर शौक चोरी का: रायपुर में 13 बाइकों के साथ शातिर ‘इंजीनियर चोर’ गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
B.Tech डिग्री, पर शौक चोरी का: रायपुर में 13 बाइकों के साथ शातिर ‘इंजीनियर चोर’ गिरफ्तार
रायपुर: राजधानी में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम कसते हुए रायपुर पुलिस ने एक ऐसे शातिर चोर को दबोचा है, जिसकी प्रोफाइल जानकर हर कोई हैरान है। पकड़ा गया आरोपी राहुल वर्मा (33) कोई मामूली अपराधी नहीं, बल्कि एक B.Tech डिग्रीधारी इंजीनियर है, जिसने अपनी तकनीकी समझ का इस्तेमाल गाड़ियां उड़ाने में किया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की 13 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी बाजार में कीमत लगभग 5.50 लाख रुपये है।
ऐसे बिछाया गया ‘क्राइम ब्रांच’ का जाल
शहर में बढ़ती चोरी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में ‘एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट’ की एक स्पेशल टीम बनाई गई थी। टीम ने चोरी वाले इलाकों के सैकड़ों CCTV फुटेज खंगाले और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि खरोरा निवासी राहुल वर्मा, जो पहले भी जेल जा चुका है, इन दिनों शहर में अलग-अलग लग्जरी और सामान्य बाइकों के साथ देखा जा रहा है।
पूछताछ में पुलिस को घुमाता रहा ‘मास्टरमाइंड’
हिरासत में लिए जाने के बाद आरोपी राहुल अपनी इंजीनियरिंग वाली बुद्धि लगाकर पुलिस को काफी देर तक गुमराह करता रहा। लेकिन जब पुलिस ने तकनीकी सबूत और CCTV फुटेज सामने रखे, तो वह टूट गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने रायपुर के सिविल लाइन, पंडरी, कोतवाली, डीडी नगर और पुरानी बस्ती जैसे प्रमुख इलाकों से एक के बाद एक 13 बाइकें पार की थीं।
पुराना ‘खिलाड़ी’ है राहुल: पहले भी चुरा चुका है 40 गाड़ियां
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी राहुल वर्मा आदतन अपराधी है। वह वर्ष 2023 में भी रायपुर के विभिन्न थानों से 40 दोपहिया वाहन चोरी करने के आरोप में जेल की हवा खा चुका है। जेल से छूटने के बाद उसने फिर से वही रास्ता चुन लिया। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बरामदगी एक नजर में:
कुल वाहन: 13 (दोपहिया)
अनुमानित कीमत: 5 लाख 50 हजार रुपये
प्रमुख प्रभावित इलाके: सरस्वती नगर, देवेंद्र नगर, मौदहापारा, पंडरी।





