महासमुंद: बस से 46 लाख की चांदी जब्त, ओडिशा का यात्री गिरफ्तार; आयकर विभाग को सौंपी गई जांच
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
महासमुंद: बस से 46 लाख की चांदी जब्त, ओडिशा का यात्री गिरफ्तार; आयकर विभाग को सौंपी गई जांच
महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बस यात्री से भारी मात्रा में चांदी के जेवर बरामद किए हैं। नेशनल हाईवे-53 पर स्थित रेहटीखोल चेक पोस्ट पर की गई इस कार्रवाई में करीब 18.590 किलोग्राम चांदी जब्त की गई है, जिसकी बाजार दर 46 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
रूटीन चेकिंग में धराया आरोपी
सिंघोड़ा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम रेहटीखोल चेक पोस्ट पर वाहनों की सघन तलाशी ले रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही ‘श्री श्याम ट्रैवल्स’ की बस को रोककर जांच की गई। बस में सवार एक यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब उसके नीले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गई, तो पुलिस के होश उड़ गए। बैग के भीतर 3 प्लास्टिक डिब्बों में चांदी के 600 नग पायल भरे हुए थे।
दस्तावेज नहीं दिखा पाया यात्री
पूछताछ में यात्री ने अपनी पहचान राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58 वर्ष), निवासी कटक (ओडिशा) के रूप में बताई। वह यह चांदी ओडिशा से रायपुर लेकर जा रहा था। जब पुलिस ने जेवरों से संबंधित बिल या अन्य वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका।
आयकर विभाग को दी गई सूचना
पुलिस ने धारा 94 बी.एन.एस. के तहत नोटिस जारी कर धारा 106 के तहत चांदी के आभूषणों को जब्त कर लिया है। मामले की गंभीरता और बड़ी रकम को देखते हुए इसकी विस्तृत जानकारी आयकर विभाग (Income Tax) और राजस्व सूचना निदेशालय (DRI) को भेज दी गई है। अब आगे की जांच इन विभागों द्वारा की जाएगी कि इतनी बड़ी खेप कहां खपाने की तैयारी थी।





