जेल से छूटते ही कैदी बना ‘ठग’: साथी की मां को जमानत का झांसा देकर हड़पे 75 हजार, बाइक और मोबाइल भी ले उड़ा

 जेल से छूटते ही कैदी बना ‘ठग’: साथी की मां को जमानत का झांसा देकर हड़पे 75 हजार, बाइक और मोबाइल भी ले उड़ा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

********************************

 

 

जेल से छूटते ही कैदी बना ‘ठग’: साथी की मां को जमानत का झांसा देकर हड़पे 75 हजार, बाइक और मोबाइल भी ले उड़ा

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ठगी का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ जेल से रिहा हुए एक आरोपी ने अपने ही साथ रहे कैदी के परिवार को अपना शिकार बनाया। आरोपी ने जेल में बंद साथी की जमानत कराने का झांसा देकर उसके परिजनों से नकदी, बाइक और मोबाइल सहित कुल 75 हजार रुपये की ठगी की। पीड़ित की शिकायत पर बालोद पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।

जेल में हुई थी दोस्ती, फिर बनाया ठगी का जाल

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम गोडरी (निपानी) निवासी योगेश कुमार कोर्राम जुलाई 2022 से बालोद जेल में बंद था। इसी दौरान उसकी जान-पहचान खैरागढ़ के मरौदा जालबांधा निवासी डोमार चंदेल से हुई। डोमार पहले से ही धारा 420 (धोखाधड़ी) के एक मामले में जेल में बंद था। अगस्त 2023 में जब डोमार जेल से रिहा हुआ, तो उसने जेल में बने संबंधों का गलत फायदा उठाने की योजना बनाई।

जमानत के नाम पर मां से की लूट

जेल से बाहर आते ही डोमार सीधे योगेश के घर पहुँचा और उसकी मां देवंतीन बाई से मुलाकात की। उसने महिला को झांसा दिया कि वह ऊँची पहुँच वाला व्यक्ति है और योगेश की जल्द जमानत करवा देगा। बेटे की रिहाई की आस में मां उसके झांसे में आ गई। आरोपी ने जमानत के खर्च के नाम पर उनसे एक मोटरसाइकिल (CG 24 F 2784), आरसी बुक, एक मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये नकद ले लिए।

इतना ही नहीं, आरोपी की लालच यहीं नहीं रुकी। उसने 9 नवंबर 2023 को फोन-पे के जरिए अलग से 10 हजार रुपये और मंगवाए। इस तरह आरोपी ने परिवार से कुल 75 हजार रुपये की ठगी कर ली।

जेल से छूटने पर योगेश को चला पता

ठगी का खुलासा तब हुआ जब 24 जनवरी 2026 को योगेश खुद जेल से रिहा होकर घर पहुँचा। जब उसने अपनी मां से बाइक और पैसों के बारे में पूछा, तब परिजनों ने डोमार चंदेल द्वारा किए गए वादे की जानकारी दी। हकीकत सामने आने पर योगेश ने तुरंत बालोद थाने पहुँचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की कार्रवाई

बालोद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी डोमार चंदेल के खिलाफ धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।