कलयुगी मां का खौफनाक चेहरा: ढाई साल के मासूम की पत्थर से कुचलकर हत्या, फिर रची अपहरण की झूठी साजिश
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
कलयुगी मां का खौफनाक चेहरा: ढाई साल के मासूम की पत्थर से कुचलकर हत्या, फिर रची अपहरण की झूठी साजिश
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से ममता को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। कापू थाना क्षेत्र में एक मां ने ही अपने ढाई साल के कलेजे के टुकड़े की बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, अपने गुनाह को छिपाने के लिए महिला ने पुलिस के सामने अपहरण की झूठी कहानी गढ़ी, लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक जांच और पैनी नजरों से वह बच नहीं सकी।

गुमशुदगी का नाटक और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश
घटना की शुरुआत तब हुई जब आरोपी महिला ने कापू थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उसका ढाई साल का बेटा संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। उसने मामले को अपहरण का रूप देने की पूरी कोशिश की ताकि पुलिस का ध्यान भटक जाए।
विरोधाभासों ने खोला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में जब पुलिस ने महिला से पूछताछ की, तो उसके बयानों में लगातार विरोधाभास नजर आने लगा। शक गहराने पर पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों का सहारा लिया और जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो महिला टूट गई और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पत्थर से वार कर जंगल की खाई में फेंका शव
आरोपी मां ने खुलासा किया कि उसने खुद अपने मासूम बेटे पर पत्थर से जानलेवा हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। साक्ष्य छिपाने के इरादे से उसने मासूम के शव को पास के ही जंगल की एक गहरी खाई में फेंक दिया था। महिला की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से खून से सना पत्थर और बच्चे का शव बरामद कर लिया है।
एसएसपी का सख्त संदेश: अपराध पर जीरो टॉलरेंस
इस हृदयविदारक मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि रायगढ़ पुलिस जघन्य अपराधों को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा, “वैज्ञानिक जांच और त्वरित कार्रवाई के कारण ही आरोपी को इतनी जल्दी बेनकाब किया जा सका। अपराधी चाहे कोई भी हो, कानून के शिकंजे से नहीं बच पाएगा।”
पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है।





