बालोद: मस्जिद पारा में दर्दनाक हादसा, सर्विस वायर से उतरे करंट की चपेट में आने से सफाई कर्मी की मौत
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
बालोद: मस्जिद पारा में दर्दनाक हादसा, सर्विस वायर से उतरे करंट की चपेट में आने से सफाई कर्मी की मौत
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहाँ रविवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक सफाई कर्मी की जान चली गई। घटना नयापारा वार्ड क्रमांक-3 (मस्जिद पारा क्षेत्र) की है, जहाँ ड्यूटी के दौरान यह हादसा हुआ।
हाथ धोने गया था मृतक
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक कृपा राम साहू (47 वर्ष) नगर पालिका में सफाई कर्मी के पद पर तैनात थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे वे मस्जिद के पास बने वाश एरिया में हाथ धोने के लिए गए थे। इसी दौरान वहां ऊपर से गुजर रहे बिजली के सर्विस वायर में लीकेज होने के कारण लोहे के पाइप और दीवार में करंट फैला हुआ था। जैसे ही कृपा राम ने पाइप को छुआ, वे तेज करंट की चपेट में आ गए।
अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोग उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुँचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिजनों और साथी सफाई कर्मचारियों में शोक की लहर है।
पुलिस ने मामले की सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सवाल उठाए हैं।





