दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
दुर्ग पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतरजिला बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। जिले की सुपेला थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने संगठित तरीके से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।
कोसा नगर से हुई थी शुरुआत
मामले का खुलासा तब हुआ जब कोसा नगर निवासी रामेश्वर यादव ने 11 अप्रैल को अपनी यामाहा एफजेड-एस (CG 08 S 1633) चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। सुपेला पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की और टीम को सक्रिय किया।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि नेहरू नगर अटल आवास निवासी मनीष दास बैरागी अपने साथियों के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और मनीष दास बैरागी (21), साजन बैरागी (20) और लक्ष्य साहू (19) को हिरासत में लिया।
कड़ी पूछताछ में उगला राज
पुलिस की सघन पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने कोसा नगर से यामाहा बाइक के अलावा लक्ष्मी नगर क्षेत्र से एक सीडी डीलक्स (CG 07 LD 8329) भी चोरी की थी। आरोपियों के पास से दोनों गाड़ियाँ बरामद कर ली गई हैं।
भेजे गए जेल
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अन्य किन इलाकों में चोरियां की हैं।





