जगदलपुर: सब्जी बेच रही महिला का थैला उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी से खुला राज

 जगदलपुर: सब्जी बेच रही महिला का थैला उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी से खुला राज

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

 

जगदलपुर: सब्जी बेच रही महिला का थैला उड़ाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, सीसीटीवी से खुला राज

जगदलपुर,जगदलपुर के व्यस्ततम अनुपमा चौक पर सब्जी बेच रही एक ग्रामीण महिला का रुपयों से भरा थैला चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़ा गया आरोपी पुराना हिस्ट्रीशीटर है, जो पहले भी लूट और चोरी की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई राशि में से 1,750 रुपए बरामद कर लिए हैं।

नकाब पहनकर दिया था वारदात को अंजाम

घटना 12 अप्रैल 2026 की है। सुबह करीब 11:40 बजे बसंती बघेल अपनी मां के साथ अनुपमा चौक के पास सब्जी बेच रही थी। ग्राहकों की भीड़ का फायदा उठाकर एक नकाबपोश युवक वहां पहुंचा और बसंती की नजरों से बचकर पैसों से भरा थैला लेकर रफूचक्कर हो गया। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से हुई पहचान

थाना प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी इनपुट और स्थानीय मुखबिरों की मदद से पुलिस ने संदेही गिरी नायक (22 वर्ष), निवासी पनारापारा को चिन्हांकित कर हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुराना अपराधी है आरोपी गिरी नायक

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी गिरी नायक शहर का सूचीबद्ध अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी चोरी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की मुस्तैदी

इस सफल कार्रवाई में अरुण मरकाम, विनायक ठाकुर, विनोद चांदने, क्षमा साहू, सोनू गौतम, युवराज ठाकुर, महंगू कश्यप और रंग लाल खरे की अहम भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में आपराधिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जा रही है और अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।