आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल’: रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने बदमाश से लगवाईं उठक-बैठक

 आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल’: रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने बदमाश से लगवाईं उठक-बैठक

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

******************************

 

आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल’: रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने बदमाश से लगवाईं उठक-बैठक

(दुर्ग): कानून को चुनौती देना और सोशल मीडिया पर ‘रौब’ झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना इलाके में एनडीपीएस एक्ट के तहत 17 महीने जेल की हवा खाकर लौटे एक बदमाश ने रिहा होते ही थाने के सामने रील बनाई, जिसके बाद पुलिस ने उसे दोबारा दबोच लिया।

क्या है पूरा मामला?

स्टेशन मरोदा निवासी हर्ष साहू (25) को ड्रग्स तस्करी (NDPS एक्ट) के मामले में 2024 में जेल भेजा गया था। लगभग डेढ़ साल बाद जमानत मिलने पर जब वह बाहर आया, तो सुधारने के बजाय उसने अपनी ‘दबंगई’ दिखाने का फैसला किया। हर्ष ने उतई थाने से बाहर निकलते समय एक भोजपुरी गाने— ‘आज जेल, कल बेल, परसो फिर वही खेल’— पर वीडियो शूट किया और इसे इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ‘खेल’

12 अप्रैल को अपलोड हुए इस वीडियो ने देखते ही देखते इंटरनेट पर तहलका मचा दिया। महज एक दिन में इसे 47 हजार से ज्यादा व्यूज मिले। वीडियो में युवक बेखौफ अंदाज में थाने की दहलीज से बाहर निकलते हुए खुद को कानून से ऊपर दिखाने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने सिखाया सबक

जैसे ही यह रील पुलिस के आला अधिकारियों की नजर में आई, विभाग तुरंत हरकत में आ गया। ‘खेल’ दिखाने का दावा करने वाले हर्ष साहू को पुलिस ने दोबारा ढूंढ निकाला और उसे उसी थाने लाया गया जहाँ उसने रील बनाई थी।

पुलिस ने सरेराह उसकी हेकड़ी निकाली और थाने के सामने ही उससे कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई। सोशल मीडिया पर ‘डॉन’ बनने की कोशिश करने वाले युवक को सख्त हिदायत देकर फिलहाल छोड़ दिया गया है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों का ‘खेल’ ज्यादा दिन नहीं चलेगा।