दुर्ग पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: अमृतसर से जुड़ा नशे का नेटवर्क ध्वस्त, 8 लाख की हेरोइन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
********************************
दुर्ग पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: अमृतसर से जुड़ा नशे का नेटवर्क ध्वस्त, 8 लाख की हेरोइन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार
दुर्ग। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने खुर्शीपार क्षेत्र में दबिश देकर एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 43.14 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 8 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खुर्शीपार के मिनी स्टेडियम स्थित सुलभ शौचालय के पास कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में मादक पदार्थों की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और मौके से तीन आरोपियों को धर दबोचा।
जब्त सामान और गिरोह का खुलासा
पुलिस ने आरोपियों के पास से न केवल हेरोइन, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे संसाधन भी बरामद किए हैं:
नशीला पदार्थ: 43.14 ग्राम हेरोइन (कीमत ~8 लाख रुपये)
नकदी: 3,640 रुपये नगद
मोबाइल: 5 स्मार्टफोन (कीमत 24,500 रुपये)
कुल मशरूका: लगभग 8,90,940 रुपये
पंजाब से जुडे़ हैं तार
पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी विजय सिंह मूलतः अमृतसर (पंजाब) का रहने वाला है, जो पंजाब से दुर्ग तक नशे की सप्लाई चेन का मुख्य हिस्सा था। वह स्थानीय आरोपियों के साथ मिलकर खुर्शीपार और आसपास के क्षेत्रों में हेरोइन खपाने की तैयारी में था।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
विजय सिंह (26 वर्ष): अमृतसर, पंजाब (हाल निवासी: खुर्शीपार, दुर्ग)
मीर नौशाद अली (26 वर्ष): जवाहर नगर, भिलाई
सुरेंद्र क्षत्रिय (23 वर्ष): जवाहर नगर, भिलाई
कड़ी धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21(क) और 27(क) के तहत मामला दर्ज किया है। माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को जेल भेज दिया गया है।
पुलिस की अपील: दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार पर प्रहार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि उनके आसपास कोई भी संदिग्ध नशीली गतिविधियों में संलिप्त दिखे, तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि शहर को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।





