दुर्ग: उतई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, CCTV फुटेज की मदद से बकरा चोर गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
दुर्ग: उतई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, CCTV फुटेज की मदद से बकरा चोर गिरोह के 2 आरोपी गिरफ्तार
भिलाई/उतई: दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम जोरातराई में हुई बकरा चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो खुर्सीपार और रूआबांधा क्षेत्र के रहने वाले हैं।

रेकी कर देते थे वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहम्मद शफी (50 वर्ष) और ओमप्रकाश वर्मा (35 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे आर्थिक लाभ के लिए चोरी करते थे। वारदात से पहले वे स्कूटी पर सवार होकर गांव में रेकी करते थे और मौका मिलते ही मवेशियों को उठाकर फरार हो जाते थे।
CCTV फुटेज से खुला राज
चोरी की यह घटना 24 मार्च की रात की है, जब जोरातराई निवासी बन्नी अली के घर से दो बकरे गायब हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की, तो दो संदिग्ध स्कूटी पर बकरा ले जाते हुए दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को रूआबांधा क्षेत्र से धर दबोचा।
धारदार हथियार और नगदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल की गई स्कूटी, धारदार हथियार, नगदी और घटना के वक्त पहने हुए कपड़े व चप्पल जब्त किए हैं। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने बकरों को काटकर मांस बेच दिया था और उससे मिले पैसों को आपस में बांट लिया था। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है।





