भिलाई में रेलवे ब्रिज के नीचे गांजे के साथ गुजरात का युवक गिरफ्तार, 13 किलो से अधिक माल बरामद
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
भिलाई में रेलवे ब्रिज के नीचे गांजे के साथ गुजरात का युवक गिरफ्तार, 13 किलो से अधिक माल बरामद
भिलाई। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने भिलाई रेलवे स्टेशन के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए गुजरात के एक युवक को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 13 किलो 504 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 6.75 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
RPF को 27 मार्च को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि स्टेशन के स्टोर पारा इलाके में रेलवे ब्रिज के नीचे एक संदिग्ध युवक बैठा है, जिसके पास नशीला पदार्थ होने की संभावना है। सूचना मिलते ही टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को धर दबोचा।
7 पैकेटों में भरा था गांजा
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान हाडा वनराज साबजी भाई (21 वर्ष), निवासी राजकोट, गुजरात के रूप में बताई। गवाहों की मौजूदगी में जब उसके बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से गांजे के 7 पैकेट बरामद हुए। वजन करने पर कुल 13.504 किलो गांजा पाया गया, जिसे पुलिस ने सील कर दिया है।
आरोपी भेजा गया जेल
RPF ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी और जब्त माल को शासकीय रेलवे पुलिस (GRP) भिलाई को सौंप दिया। कोर्ट में पेशी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।





