भिलाई में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप: दो समुदायों के बीच पथराव, सीएसपी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
भिलाई में बच्चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप: दो समुदायों के बीच पथराव, सीएसपी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल
भिलाई: छत्तीसगढ़ के भिलाई (छावनी थाना क्षेत्र) में सोमवार देर रात मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। बच्चों के बीच हुई कहासुनी ने देखते ही देखते सांप्रदायिक रंग ले लिया, जिसके बाद दोनों पक्षों की ओर से जमकर मारपीट और पथराव हुआ। इस हिंसा में बचाव करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पत्थर बरसाए गए, जिससे छावनी सीएसपी समेत 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं।
विवाद की जड़: बच्चों की लड़ाई या ‘लव अफेयर’?
घटना छावनी थाना क्षेत्र के सोनकर मोहल्ले की है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात दो बच्चों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बड़े भी मैदान में उतर आए। वहीं, मामले में एक ‘लव अफेयर’ का एंगल भी सामने आ रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पुरानी रंजिश के चलते इस छोटे से विवाद ने बड़ा रूप ले लिया।
मैदान-ए-जंग बना मोहल्ला, पुलिस पर भी हमला
विवाद बढ़ते ही दोनों ओर से भीड़ जमा हो गई और एक-दूसरे पर पत्थर चलने लगे। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन उग्र भीड़ ने पुलिस को भी नहीं बख्शा। पत्थरबाजी में छावनी सीएसपी और अन्य जवान चोटिल हुए हैं। स्थिति को बिगड़ता देख दुर्ग, भिलाई और छावनी के सीएसपी सहित एडिशनल एसपी (सिटी व ग्रामीण) को मोर्चा संभालना पड़ा।
हिंदू संगठनों का थाना घेराव
घटना के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया जब हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने छावनी थाने का घेराव कर दिया। वे दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर भीड़ को शांत कराया और इलाके में शांति व्यवस्था कायम करने का आश्वासन दिया।
वर्तमान स्थिति: भारी पुलिस बल तैनात
एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जिले के कई थाना प्रभारियों को गश्त पर लगाया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को मंगलवार को थाने तलब किया है। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है।





