बीच-बचाव करने गए युवक की हंसिया मारकर हत्या, मोहला पुलिस ने आरोपी को दबोचा

 बीच-बचाव करने गए युवक की हंसिया मारकर हत्या, मोहला पुलिस ने आरोपी को दबोचा

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

***************************

 

 

बीच-बचाव करने गए युवक की हंसिया मारकर हत्या, मोहला पुलिस ने आरोपी को दबोचा

मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला थाना अंतर्गत ग्राम विजयपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ दो पक्षों के विवाद को शांत कराने पहुंचे एक युवक की हंसिया से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

विवाद सुलझाने की मिली मौत की सजा

घटना 1 फरवरी की है, जब प्रवीण कुमार भुआर्य अपने मित्र विमल मांडवी के साथ एक कार्यक्रम से लौट रहा था। रास्ते में उन्होंने विजय सलामें और लोमश मंडावी को आपस में झगड़ते देखा। मानवता दिखाते हुए प्रवीण और विमल ने बीच-बचाव किया और विवाद शांत कराकर लोमश मंडावी को उसके घर छोड़ने गए।

लेकिन, लोमश मंडावी गुस्से में आपा खो बैठा। वह अपने घर के भीतर से सब्जी काटने वाला धारदार हंसिया लेकर निकला और प्रवीण कुमार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में प्रवीण के पेट और हाथ की उंगली पर गंभीर घाव आए।

अस्पताल में तोड़ा दम

लहूलुहान हालत में प्रवीण को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहला ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

आरोपी सलाखों के पीछे

प्रार्थी की शिकायत पर मोहला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 24 वर्षीय आरोपी लोमश कुमार मंडावी को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया हंसिया बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।