भिलाई: झाड़-फूंक के नाम पर 13 लाख की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार

 भिलाई: झाड़-फूंक के नाम पर 13 लाख की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

 

*****************************

 

 

भिलाई: झाड़-फूंक के नाम पर 13 लाख की ठगी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश, यूपी के दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई (दुर्ग):दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में झाड़-फूंक और अंधविश्वास का जाल बिछाकर लाखों रुपए की ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक साइकिल दुकान संचालक से उसकी मां के इलाज के नाम पर करीब 13 लाख रुपए ऐंठ लिए थे।

साइकिल दुकान संचालक को बनाया निशाना

ठगी का शिकार हुए सिंधी कॉलोनी निवासी संजय अठवानी (37 वर्ष) ने बताया कि गिरोह के सदस्यों ने पहले दुकान पर ग्राहक बनकर उनसे संपर्क बढ़ाया। खुद को ‘राजू’ बताकर आरोपियों ने संजय का मोबाइल नंबर लिया और धीरे-धीरे धार्मिक बातों और झाड़-फूंक के जरिए उसका भरोसा जीत लिया।

अंधविश्वास का जाल और 13 लाख की चपत

आरोपियों ने संजय की मां की बीमारी का फायदा उठाते हुए उन्हें ‘बुरी छाया’ का डर दिखाया। 16 जनवरी 2026 को पावर हाउस फल मार्केट में प्रारंभिक पूजा के बाद, 20 जनवरी को मुख्य अनुष्ठान के नाम पर संजय को रेलवे स्टेशन बुलाया गया। वहां आरोपियों ने मां के स्वास्थ्य सुधार का झांसा देकर संजय से 60 ग्राम सोने के कंगन (कीमत 5 लाख रुपए) और 8 लाख रुपए नगद लेकर चंपत हो गए।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्य से हुई गिरफ्तारी

शिकायत के बाद छावनी पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपियों को ट्रैक किया। पुलिस ने रायपुर के सरोना स्थित किराए के मकान में दबिश देकर बाबूलाल (45 वर्ष, निवासी चित्रकूट, यूपी) और गीता राय (निवासी हाथरस, यूपी) को धर दबोचा।

 

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपए नगद और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस तरह के अंधविश्वास और झाड़-फूंक के दावों से सावधान रहें और संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें।