भिलाई: सुपेला संडे मार्केट में निगम का डंडा; जेसीबी लेकर उतरी पुलिस और प्रशासन की टीम, हटाया अतिक्रमण
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
भिलाई: सुपेला संडे मार्केट में निगम का डंडा; जेसीबी लेकर उतरी पुलिस और प्रशासन की टीम, हटाया अतिक्रमण
भिलाई: भिलाई के व्यस्ततम सुपेला संडे मार्केट में रविवार सुबह नगर निगम प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की। सड़क पर अवैध रूप से कब्जा जमाए बैठे व्यापारियों के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए प्रशासन ने सुबह 8 बजे से ही जेसीबी के साथ अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
चेतावनी के बाद भी नहीं सुधरे हालात
नगर निगम भिलाई द्वारा सुपेला बाजार के व्यापारियों को पूर्व में कई बार सख्त चेतावनी दी गई थी। अमूमन कार्रवाई के डर से व्यापारी कुछ समय के लिए सामान हटा लेते थे, लेकिन टीम के जाते ही सड़क पर दोबारा दुकानें सज जाती थीं। इस अतिक्रमण के कारण रविवार को इस मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता था और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
चूने से की गई मार्किंग, अब लगेगा भारी जुर्माना
प्रशासन ने इस बार रणनीति बदलते हुए पहले ही उन दुकानों के सामने चूने से ‘लक्ष्मण रेखा’ (एरिया मार्क) खींच दी थी, जहाँ दुकानदार पैसे लेकर अवैध रूप से ठेले लगवाते थे। आज सुबह जब निगम का दस्ता मौके पर पहुँचा, तो चिन्हांकित दायरे के बाहर मिले कब्जों को जेसीबी की मदद से ढहा दिया गया।
नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों को दोटूक शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि दोबारा निर्धारित सीमा के बाहर अतिक्रमण पाया गया, तो न केवल सामान जब्त किया जाएगा, बल्कि संबंधित दुकानदारों से भारी-भरकम जुर्माना भी वसूला जाएगा।











