जशपुर: आरटीओ के घर हुई करोड़ों की चोरी के 4 आरोपी फरार, एसएसपी ने घोषित किया इनाम

 जशपुर: आरटीओ के घर हुई करोड़ों की चोरी के 4 आरोपी फरार, एसएसपी ने घोषित किया इनाम

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

**************************

 

 

जशपुर: आरटीओ के घर हुई करोड़ों की चोरी के 4 आरोपी फरार, एसएसपी ने घोषित किया इनाम

जशपुरनगर। जिला परिवहन अधिकारी (RTO) विजय निकुंज के पैतृक आवास में हुई साढ़े तीन करोड़ रुपये से अधिक की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों की धरपकड़ तेज कर दी है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने मामले में फरार चल रहे चार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

भतीजी ही निकली मुख्य साजिशकर्ता

इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा तब हुआ जब आरटीओ की पत्नी सुषमा निकुंज ने 25 दिसंबर को नारायणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि अधिकारी की अपनी भतीजी, मिनल निकुंज ने ही साथियों के साथ मिलकर केराडीह स्थित पैतृक निवास से 35 लाख नकद और भारी मात्रा में सोने के गहनों पर हाथ साफ किया था।

इन चार आरोपियों पर इनाम घोषित

पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, लेकिन चार मुख्य संदिग्ध अब भी फरार हैं। जिन पर इनाम घोषित किया गया है, उनके नाम इस प्रकार हैं:

घनश्याम प्रधान (29): निवासी अंबाटोली (आरा चौकी)

अविनाश राम (27): निवासी रानीबगीचा (कोतवाली)

अनमोल भगत (25): निवासी आरा

विजय बसंत बड़ाइक: निवासी सुंदरगढ़ (ओडिशा)

सोने से भरे सूटकेस की तलाश जारी

एसएसपी शशि मोहन सिंह के अनुसार, कोतवाली और नारायणपुर पुलिस की संयुक्त टीम लगातार संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। बुधवार को पुलिस ने बांकीटोली, रानीबगीचा और आरा क्षेत्रों में दबिश दी। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती उस अटैची (सूटकेस) को बरामद करना है, जिसमें चोरी का करोड़ों रुपये का सोना रखा होने की बात कही जा रही है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें अंतर्राज्यीय स्तर पर भी नजर बनाए हुए हैं और जल्द ही शेष आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।