नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की बड़ी पहल: एसपी वाई.पी. सिंह ने ग्रामीणों को बांटे बर्तन, बच्चों को मिली खेल सामग्री
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की बड़ी पहल: एसपी वाई.पी. सिंह ने ग्रामीणों को बांटे बर्तन, बच्चों को मिली खेल सामग्री
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी:नवगठित जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के घोर नक्सल प्रभावित गांवों में पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने के लिए ‘सामुदायिक पुलिसिंग अभियान’ तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक (SP) वाई.पी. सिंह ने थाना मानपुर के ग्राम मिचगांव, मारकेली और कोंडे का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनके सहयोग के लिए हाथ बढ़ाया।
ग्रामीणों को भेंट किए बर्तनों के सेट
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ने ग्रामीणों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक कार्यक्रमों और सामुदायिक भोज के लिए बर्तनों के सेट भेंट किए। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है। एसपी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे बिना किसी भय के अपनी समस्याओं के समाधान के लिए नजदीकी सुरक्षा कैंपों में तैनात अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।
आत्मसमर्पण नीति की दी जानकारी
संवाद के दौरान एसपी वाई.पी. सिंह ने राज्य सरकार की ‘नक्सल आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कोई भी नक्सली जो मुख्यधारा में लौटना चाहता है, वह आईटीबीपी कैंप, नजदीकी थाना, एसपी कार्यालय, कलेक्टर कार्यालय या राजनांदगांव स्थित आईजी कार्यालय में आत्मसमर्पण कर सकता है।
स्कूली बच्चों का बढ़ाया उत्साह
पुलिस टीम ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के स्कूलों का भी दौरा किया। बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए उन्हें खेल सामग्री वितरित की गई। एसपी ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद भी व्यक्तित्व के समग्र विकास के लिए अनिवार्य है।
पुलिस-जनता के बीच बढ़ता विश्वास
पुलिस की इस मानवीय पहल का ग्रामीणों ने स्वागत किया और सराहना की। इस अवसर पर रक्षित निरीक्षक भुनेश्वर कश्यप, मानपुर थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिन्हा सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। इस अभियान से उम्मीद जताई जा रही है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था मजबूत होगी और पुलिस-जनता के बीच सकारात्मक संबंधों का नया अध्याय शुरू होगा।










