मामूली विवाद में जीजा ने की साले की हत्या, शव जलाकर खाई में फेंका; आरोपी गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
****************************
मामूली विवाद में जीजा ने की साले की हत्या, शव जलाकर खाई में फेंका; आरोपी गिरफ्तार
सूरजपुर/बैकुंठपुर: छत्तीसगढ़ के कोरिया और सूरजपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ एक शख्स ने मामूली विवाद के बाद अपने ही साले की गला घोंटकर हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को जलाकर जंगल की खाई में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के ग्राम तेंदूपारा निवासी टेकराम भगत (मृतक) 25 दिसंबर को अपनी छोटी बहन संतरा सिंह के घर कोरिया जिले के ग्राम गोल्हाघाट गया था। 4 जनवरी को टेकराम अपने बहनोई खेलसाय सिंह (34 वर्ष) के साथ वापस घर लौटने के लिए निकला, लेकिन वह घर नहीं पहुँचा।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला राज
भाई के लापता होने पर परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बैकुंठपुर कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि टेकराम को आखिरी बार उसके बहनोई खेलसाय के साथ देखा गया था। संदेह होने पर पुलिस ने खेलसाय को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पहले तो वह बयान बदलता रहा, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गमछे से घोंटा गला, फिर पेट्रोल डालकर जलाया
आरोपी खेलसाय ने बताया कि 4 जनवरी को तिवरागुड़ी के पास दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर खेलसाय ने अपने गमछे से टेकराम का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को छिपा दिया और रात में अपने घर के पीछे बाड़ी में ले जाकर पेट्रोल डालकर जला दिया। पकड़े जाने के डर से उसने अधजले शव को मिट्टी और पत्तों से ढंक दिया। इसके बाद 6 जनवरी को उसने साक्ष्य मिटाने के लिए अवशेषों को घुटरी पहाड़ की गहरी खाई में फेंक दिया।
पुलिस ने बरामद किया कंकाल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घुटरी पहाड़ के जंगलों से मृतक का जला हुआ कंकाल बरामद कर लिया है। चूंकि घटनास्थल सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में आता है, इसलिए केस डायरी वहां स्थानांतरित की गई। रामानुजनगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी खेलसाय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।










