छत्तीसगढ़: जशपुर में भीषण सड़क हादसा; मेले से लौट रहे 5 युवकों की ट्रेलर से टक्कर में दर्दनाक मौत

 छत्तीसगढ़: जशपुर में भीषण सड़क हादसा; मेले से लौट रहे 5 युवकों की ट्रेलर से टक्कर में दर्दनाक मौत

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽🔽

 

 

छत्तीसगढ़: जशपुर में भीषण सड़क हादसा; मेले से लौट रहे 5 युवकों की ट्रेलर से टक्कर में दर्दनाक मौत

जशपुर/दुलदुला, जशपुर जिले में तड़के एक हृदय विदारक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना कटनी–गुमला राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुलदुला थाना क्षेत्र के पतराटोली के पास हुई, जब एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से अनियंत्रित होकर जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और कार में सवार सभी पांच युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलने के तुरंत बाद दुलदुला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया। दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू ने इस दुखद घटना की पुष्टि की है।

सभी मृतक एक ही गांव के निवासी

पुलिस के अनुसार, सभी मृतक दुलदुला थाना क्षेत्र के खटंगा गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान निम्नलिखित रूप से की गई है:

राधेश्याम यादव (26), पिता रामप्रसाद यादव

उदय कुमार चौहान (18), पिता कृष्ण चौहान

सागर तिर्की (22), पिता रफेल तिर्की

अंकित तिग्गा (17), पिता दिलीप तिग्गा

दीपक प्रधान (19), पिता अमर प्रधान

मेले से लौटते वक्त हुआ हादसा

मृतकों के परिजनों ने बताया कि सभी युवक पास के आस्ता थाना क्षेत्र में लगे एक स्थानीय मेले में गए थे और वहां से देर रात अपने घर खटंगा लौट रहे थे। राधेश्याम यादव के बड़े भाई महेश्वर यादव ने बताया कि सभी गहरे दोस्त थे और एक साथ ही लौट रहे थे।

इस दर्दनाक हादसे के बाद से पूरे खटंगा गांव और आसपास के इलाके में मातम पसर गया है। परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।