प्राइम सी 24 न्यूज से दुर्ग संभाग ब्यूरो चीफ जावेद खान की रिपोर्ट
++++++++++++++++++++++++++
भिलाई में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर ने बाइक सवार युवती को कुचला, मौके पर ही मौत; चालक फरार
भिलाई,। भिलाई के खुर्सीपार थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे पर आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर सवार युवती सड़क पर गिर गई और ट्रेलर उसे कुचलता हुआ निकल गया। घटना के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश कर रही है।
घटना का विवरण
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका साक्षी द्विवेदी (निजी कंपनी में एचआर) आज सुबह अपने पिता के साथ बाइक पर भिलाई पावर हाउस से भिलाई 3 स्थित अपने घर जा रही थीं। पावर हाउस ओवरब्रिज से उतरने के बाद चंद्रा क्रेन के ठीक सामने नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से साक्षी सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बीमार मां को देखने आई थीं मायके
बताया गया है कि साक्षी द्विवेदी का विवाह हो चुका था और वह राजनांदगांव में रहती थीं। वह एक निजी कंपनी में एचआर के पद पर कार्यरत थीं। वह अक्सर शनिवार और रविवार की छुट्टी के चलते अपनी बीमार मां को देखने के लिए मायके भिलाई आती थीं। आज भी वह इसी सिलसिले में आई थीं और घटना के समय अपने पिता के साथ घर जा रही थीं।
पुलिस की कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर लिया है और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में जुट गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार आरोपी चालक और वाहन की पहचान की जा सके।





