बाइक चोरों को पकड़ने रायपुर पुलिस की नई पहल, चौक-चौराहों पर संदेही आरोपियो के पोस्टर किए जारी

 बाइक चोरों को पकड़ने रायपुर पुलिस की नई पहल, चौक-चौराहों पर संदेही आरोपियो के पोस्टर किए जारी

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी

 

 

 

पुलिस द्वारा शहर के प्रमुख चौक में लगाए गए शातिर चोरों के पोस्टर। l

 

 

 

 

पोस्टर में 48 मोटरसाइकिल चोरी करने वालों की लगी है तस्वीर

रायपुर पुलिस द्वारा किया जा रहा प्रयोग, संदेही आरोपितों के पोस्टर जारी

 

रायपुर। : शहर में रोजाना चार से पांच बाइक चोरी हो रही है। पुलिस के लिए चोरी की घटनाएं चुनौती बन गई है। चोरों को पकड़ने राजधानी पुलिस ने नया प्रयोग किया है। अब पोस्टर के माध्यम से उन्हें पकड़ने की कवायद की जा रही है। संदेहियों के पोस्टर शहर के 30 जगह में लगाए गए हैं।

 

चोरी को रोकने और आरोपितों को पकड़ने के लिए पोस्टर से उनकी पहचान उजागर की जा रही है, जिससे अगर वह आस-पास दिखें तो उसकी जानकारी तत्काल पुलिस को मिल जाए। बता दें कि इससे पहले पुलिस ने चाकूबाजी, लूट, चोरी सहित अन्य निगरानी बदमाशों के पोस्टर थाने में लगाए थे। इससे फायदा भी मिला और चाकूबाजी और लूट करने वालों को पुलिस ने जल्द पकड़ने में सफलता हासिल की। अब बाइक चोरी को रोकने यह प्रयोग किया जा रहा है।

कंट्रोल रूम में करें सूचित

पुलिस ने शहर में जो पोस्टर लगाए हैं उसमें संदेहियों की फोटो के साथ हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। पुलिस कंट्रोल रूम 9479191099 और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट का फोन नंबर 0771-407041 पर सूचित करने की अपील की गई है। चोरी की गई वाहनों को कराएं ब्लैक लिस्टेड : चोरी की वाहनों को वाहन स्वामी यदि ब्लैक लिस्टेड कराते हैं तो चोरी के वाहनों को बेचने में चोरों को दिक्कत होगी। अगर गाड़ी ब्लैक लिस्टेड हुई तो चोर उन गाड़ियों को न बेच सकते हैं, न ही उनका इंश्योरेंस करा सकते हैं। उसका पाल्यूशन सर्टिफिकेट भी नहीं बनेगा।

 

ट्रैक करना होगा आसान

चोरी के वाहन का ब्लैक लिस्टेड होने के बाद सभी वाहनों की डिटेल परिवहन साफ्टवेयर में अपडेट की जाती है, जिससे वहां चेकिंग के समय पुलिस इन वाहनों को आसानी से पकड़ सकती है। चोर और चोरी का वाहन खरीदने वालों पर कार्रवाई कर सकती है। चोर इन वाहनों को बेच कर नाम ट्रांसफर भी नहीं कर पाएंगे, यदि कोई ब्लैक लिस्टेड वाहन के रजिस्ट्रेशन के लिए आरटीओ कार्यालय पहुंचता है तो आरटीओ के कर्मचारी तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दे सकते हैं।

 

 

आरटीओ में करें आवेदन

वाहन चोरी के तत्काल बाद थाने में एफआइआर दर्ज करा कर पुलिस के माध्यम से या खुद आरटीओ कार्यालय जाकर एफआइआर की कापी प्रस्तुत कर चोरी के वाहन को ब्लैक लिस्टेड करा सकते हैं।

 

पोस्टर में 48 मोटरसाइकिल चोरी करने वालों की लगी है तस्वीर

 

पुलिस ने बाइक चोरी करने वाले संदेहियों के पोस्टर जारी किए हैं। इसमें जो सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए हैं उनकी तस्वीर है और ऐसे भी हैं जो पूर्व में चोरी की वारदात कर चुके हैं।

 

शहर में लगातार बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज हो रही है। पुलिस पकड़ भी रही है। कुछ मामलों में संदेहियों की फोटो पुलिस के पास है। जिनके पोस्टर अब शहर में लगाए गए हैं। अगर संदेहियों पर किसी की नजर पड़ती है तो वह तत्काल दिए गए नंबर में फोन कर सूचना दें। – संतोष सिंह, एसएसपी, रायपुर