पति की बीमारी के कारण किश्त जमा नहीं कर पाई महिला, वसूली करने आए युवकों ने की मारपीट
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक बीरेंद्र कुमार चौधरी
सरकंडा के जोगी आवास ईमलीभाठा में रहने वाली पूजा सारथी रोजी-मजदूरी करती है। उन्होंने महिला समूह के माध्यम से 45 हजार रुपये का लोन लिया है। वे इसका हर महीने दो हजार 420 रुपये किश्त जमा करती हैं।
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में रहने वाली महिला अपने पति की बीमारी की वजह से लोन का किश्त जमा नहीं कर पाई। एक महीने का किश्त जमा नहीं कर पाने के कारण वसूली के लिए आए युवकों ने महिला के पति से मारपीट की। महिला ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।


सरकंडा के जोगी आवास ईमलीभाठा में रहने वाली पूजा सारथी रोजी-मजदूरी करती है। उन्होंने महिला समूह के माध्यम से 45 हजार रुपये का लोन लिया है। वे इसका हर महीने दो हजार 420 रुपये किश्त जमा करती हैं। बीते महीने उनके पति सड़क हादसे में घायल हो गए। इसके कारण महिला लोन की किश्त जमा नहीं कर पाई। शनिवार को लोन का किश्त लेने के लिए देवेंद्र कश्यप और देव वर्मा उनके घर आए। महिला ने अपने पति के घायल होने की बात कहते हुए किश्त की राशि दे पाने में असमर्थता व्यक्त की। इस पर वसूली के लिए आए युवक धमकियां देने लगे। इसका विरोध करने पर युवकों ने उनके पति का गला पकड़कर मारपीट की।


महिला बीच-बचाव करने आगे आई तो युवकों ने उनका हाथ मरोड़ दिया, साथ ही उनसे धक्का-मुक्की की। इसे देख मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। मारपीट से घायल महिला ने घटना की शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।





