कांकेर में टला बड़ा हादसा: बिजली तार की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, सूझबूझ से बची चालक की जान, 80 बोरा तेंदूपत्ता खाक
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कांकेर में टला बड़ा हादसा: बिजली तार की चपेट में आने से ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगी आग, सूझबूझ से बची चालक की जान, 80 बोरा तेंदूपत्ता खाक
भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत सेमरापारा के पास एक बड़ा हादसा होने से टल गया। भीरागांव समिति के ग्राम घोठा फड़ से तेंदूपत्ता लादकर भानुप्रतापपुर के स्थायी गोदाम जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक घरेलू बिजली के तार की चपेट में आ गई। तार के संपर्क में आते ही ट्रॉली में लदे तेंदूपत्ते में भीषण आग लग गई।
चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
आग लगते ही ट्रैक्टर चालक हरेंद्र उइके ने गजब की सूझबूझ दिखाई। उसने बिना वक्त गंवाए ट्रैक्टर को जलती हुई ट्रॉली से अलग किया और सुरक्षित स्थान पर ले गया। इस त्वरित कार्रवाई से ट्रैक्टर और चालक दोनों सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में ट्रॉली में रखा करीब 80 बोरा तेंदूपत्ता जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
बस्ती के पास लगी आग, मचा हड़कंप
जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां से महज 10 फीट की दूरी पर रिहायशी मकान और बस्ती मौजूद थी। अगर आग थोड़ी और आगे फैलती, तो आसपास के घर भी इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
दमकल और 112 की टीम ने पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया और जल चुके पत्तों पर पानी डालकर उसे ठंडा किया, ताकि दोबारा आग सुलगने का खतरा न रहे। वन विभाग और संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है, जिसके बाद अब नुकसान का अंतिम आकलन किया जा रहा है।





