दुर्ग में सनसनीखेज वारदात: चॉइस सेंटर के पैसों के विवाद में बड़े भाई ने सोते हुए छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काटा, मौके पर ही मौत, आरोपी गिरफ्तार

 दुर्ग में सनसनीखेज वारदात: चॉइस सेंटर के पैसों के विवाद में बड़े भाई ने सोते हुए छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काटा, मौके पर ही मौत, आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

********************************

 

 

दुर्ग में सनसनीखेज वारदात: चॉइस सेंटर के पैसों के विवाद में बड़े भाई ने सोते हुए छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काटा, मौके पर ही मौत, आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग (बघेरा)। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से दिल दहला देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इंदिरा नगर बघेरा इलाके में चॉइस सेंटर की कमाई और पैसों के लेन-देन के विवाद में एक बड़े भाई ने अपने सगे छोटे भाई की कुल्हाड़ी से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात उस वक्त अंजाम दी गई जब छोटा भाई गहरी नींद में सो रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

पुराना बनाम नया दुकान: पिता का ‘इंसाफ’ ही बना विवाद की वजह

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान कैलाश देवांगन (26 वर्ष) और आरोपी बड़े भाई की पहचान देवेंद्र देवांगन के रूप में हुई है। दोनों भाई बघेरा इलाके में ही चॉइस सेंटर चलाते थे। वहां उनकी दो दुकानें थीं—एक पुरानी और एक बिल्कुल नई। पुरानी दुकान अच्छी चलती थी और वहां ग्राहकों की भीड़ रहती थी, जबकि नई दुकान में बेहद कम कमाई होती थी।दोनों भाइयों में कमाई को लेकर मनमुटाव न हो, इसलिए पिता ने न्याय करते हुए एक नियम बनाया था कि दोनों भाई तीन-तीन दिन के अंतराल पर पुरानी और नई दुकान में बैठेंगे।

“जब मैं बैठता हूं तो ज्यादा पैसा आता है…” इसी बात पर आधी रात को बढ़ा विवाद

इस व्यवस्था के बाद भी दोनों के बीच पैसों के हिसाब-किताब को लेकर तनातनी बनी रहती थी। मंगलवार की रात को दोनों भाइयों के बीच इसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। छोटे भाई कैलाश ने बड़े भाई देवेंद्र पर तंज कसते हुए कहा, “जब मैं दुकान में बैठता हूं तब ज्यादा पैसा आता है और जब तुम बैठते हो तो कम पैसा आता है।” इसके बाद कैलाश ने देवेंद्र से दुकान का पूरा हिसाब मांगना शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि घर में भारी तनाव का माहौल बन गया।तड़के 5 बजे सोते हुए भाई पर किए कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वाररात के विवाद के बाद कैलाश अपने कमरे में जाकर सो गया। लेकिन बड़ा भाई देवेंद्र गुस्से में सुलग रहा था।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 5 बजे, जब कैलाश गहरी नींद में था, देवेंद्र ने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाई और सोते हुए कैलाश के गले और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में कैलाश गंभीर रूप से लहुलूहान हो गया और बिस्तर पर ही उसकी तड़प-तड़प कर मौके पर मौत हो गई।

बेबस पिता ने पड़ोसियों से मांगी मदद, पुलिस ने आरोपी को दबोचा

हैरान कर देने वाली बात यह है कि घटना के वक्त घर में दोनों भाइयों के अलावा उनके वृद्ध माता-पिता भी मौजूद थे। सुबह-सुबह घर के भीतर मचे इस खूनी खेल को देखकर पिता सहम गए। उन्होंने किसी तरह घर से बाहर भागकर पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी और तुरंत पुलिस को सूचित किया।

सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कैलाश की सांसें थम चुकी थीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया और हत्या की धारा के तहत मामला दर्ज कर आरोपी बड़े भाई देवेंद्र देवांगन को अभिरक्षा में ले लिया है। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।