खौफनाक: रायगढ़ के किरोड़ीमल नगर स्टेशन पर रेलवे पोर्टर पर जानलेवा हमला, ₹10 हजार न देने पर चाकू से पेट फाड़ा; आंतें बाहर आईंमुख्य आरोपी पंकज सिंह गिरफ्तार, फरार दो साथियों की तलाश में जुटी जीआरपी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
खौफनाक: रायगढ़ के किरोड़ीमल नगर स्टेशन पर रेलवे पोर्टर पर जानलेवा हमला, ₹10 हजार न देने पर चाकू से पेट फाड़ा; आंतें बाहर आईंमुख्य आरोपी पंकज सिंह गिरफ्तार, फरार दो साथियों की तलाश में जुटी जीआरपी
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी के दौरान एक रेल कर्मचारी पर बेरहमी से हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर तैनात रेलवे पोर्टर से तीन बदमाशों ने 10 हजार रुपये की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया। हमला इतना घातक था कि कर्मचारी के पेट की आंत बाहर निकल आई। गंभीर रूप से घायल रेलकर्मी को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीआरपी (राजकीय रेलवे पुलिस) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ड्यूटी के दौरान बदमाशों ने घेरा
जीआरपी से मिली जानकारी के अनुसार, किरोड़ीमल नगर निवासी विजय पाठक (32 वर्ष) रेलवे में पोर्टर के पद पर पदस्थ हैं। मंगलवार रात से बुधवार सुबह के शिफ्ट में उनकी ड्यूटी किरोड़ीमल नगर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर लगी थी। इसी दौरान इलाके के ही तीन युवक—पंकज सिंह, कालिया और उनका एक अन्य साथी वहां आ धमके।
पैसा नहीं देने पर शुरू की मारपीट, फिर घोंपा चाकू
पीड़ित विजय पाठक के मुताबिक, तीनों युवकों ने आते ही उनसे 10 हजार रुपये की मांग की। जब विजय ने रुपये न होने की बात कही, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने हाथ-मुक्कों से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी पंकज सिंह ने जेब से धारदार चाकू निकाला और विजय के पेट में घोंप दिया।
चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोग, घायल जिंदल से मेडिकल कॉलेज रेफर
चाकू का वार इतना गहरा था कि पीड़ित की आंतें बाहर आ गईं और हाथ की उंगली में भी गंभीर चोट लगी। लहूलुहान हालत में विजय की चीख-पुकार सुनकर स्टेशन पर मौजूद अन्य लोग और सहकर्मी बीच-बचाव के लिए दौड़े। लोगों को आता देख तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल पोर्टर को तुरंत जिंदल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज,
मुख्य आरोपी सलाखों के पीछे
घटना के बाद रेलवे पुलिस तुरंत एक्शन में आई। जीआरपी ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) [हत्या का प्रयास], 121(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने किरोड़ीमल नगर क्षेत्र में घेराबंदी कर मुख्य आरोपी पंकज सिंह को दबोच लिया है।
जल्द पकड़े जाएंगे बाकी आरोपी: जीआरपी थाना प्रभारी
जीआरपी थाना प्रभारी बी.आर. बोर्झा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात पोर्टर पर रंगदारी और जानलेवा हमले के मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में शामिल फरार अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”।





