अपराधियों पर कड़ा प्रहार: दुर्ग आईजी अभिषेक शांडिल्य ने पुलिस टीमों को नकद पुरस्कार से नवाजा
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******†******†***************
अपराधियों पर कड़ा प्रहार: दुर्ग आईजी अभिषेक शांडिल्य ने पुलिस टीमों को नकद पुरस्कार से नवाजा
दुर्ग। दुर्ग रेंज कार्यालय में पुलिस महानिरीक्षक (IG) अभिषेक शांडिल्य ने जिला पुलिस की दो अलग-अलग टीमों को उनकी उत्कृष्ट और प्रभावी कार्रवाई के लिए नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
इन टीमों ने शहर में सक्रिय अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करने और ऑनलाइन सट्टा व म्यूल अकाउंट के बड़े रैकेट को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
तकनीकी विश्लेषण और मुस्तैदी से मिली सफलता
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और थाना स्तर की टीमों ने आधुनिक तकनीकी विश्लेषण, सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच और लगातार जमीनी पतासाजी के बाद इन मामलों का खुलासा किया।
चोरी के मामलों में बड़ी सफलता:
मेरठ (उत्तर प्रदेश) के एक शातिर गिरोह से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में देश के कई अन्य शहरों में हुई चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 400 ग्राम सोना और अन्य कीमती सामान बरामद किया है। इस बेहतर प्रदर्शन के लिए टीम को 23,500 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
ऑनलाइन सट्टा और म्यूल अकाउंट पर कार्रवाई:
ऑनलाइन अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 13 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा। इनके पास से 46 मोबाइल फोन, 9 लैपटॉप, कई सिम कार्ड और विभिन्न बैंक खातों में जमा करीब 10 लाख रुपये की राशि से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए गए। इस टीम को 9,750 रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
कुल 33 हजार से अधिक का पुरस्कार
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने दोनों टीमों को कुल मिलाकर 33 हजार रुपये से अधिक की राशि देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यह बड़ी सफलता पुलिस टीम की कड़ी मेहनत, कर्तव्य के प्रति समर्पण और बेहतरीन विवेचना (Investigation) का परिणाम है। आईजी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की पीठ थपथपाते हुए भविष्य में भी अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की त्वरित और सख्त कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया।





