दुर्ग में मामूली विवाद में युवक पर कटर से जानलेवा हमला, जेवरा सिरसा पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
दुर्ग में मामूली विवाद में युवक पर कटर से जानलेवा हमला, जेवरा सिरसा पुलिस ने 7 आरोपियों को किया गिरफ्तार
दुर्ग। जिले के जेवरा सिरसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मामूली धक्का-मुक्की के बाद एक युवक पर कटर से जानलेवा हमला करने वाले 7 बदमाशों को पुलिस ने सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपियों ने विवाद के दौरान युवक के सीने और गले पर कटर से कई वार किए थे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने इनके पास से हमले में प्रयुक्त हथियार, खून से सने कपड़े और तीन गाड़ियां भी बरामद की हैं।

धक्का-मुक्की से शुरू हुआ था विवाद
घटना 31 मार्च की शाम करीब 7 बजे की है। प्रार्थी अभिषेक जायसवाल जेवरा-सिरसा स्थित संत होटल के पास खड़ा था, तभी 3-4 युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी किशन ढीमर ने अपने पास रखे कटर से अभिषेक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में लहूलुहान होकर अभिषेक वहीं गिर पड़ा।
सीसीटीवी और मुखबिरों की मदद से गिरफ्तारी
सूचना मिलते ही पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और आरोपियों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर कुल 7 आरोपियों को हिरासत में लिया। पकड़े गए आरोपियों में विशाल लड़वाल (25), राहुल महंत (23), अभिषेक साहू (25), हरेराम चौहान (26), चेतन उके (19), प्रमोद कुमार चौहान (23) और अभिषेक प्रताप गौड़ (25) शामिल हैं।
हथियार और वाहन बरामद
मुख्य आरोपी विशाल लड़वाल की निशानदेही पर हमले में इस्तेमाल कटर और घटना के वक्त पहने गए कपड़े जब्त किए गए हैं। साथ ही, वारदात के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी (CG 07 KR 2783), एक एक्टिवा (CG 07 BL 9472) और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 07 7361) को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।





