दुर्ग: कुम्हारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 लाख के अफीम और नगदी के साथ ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*****************************
दुर्ग: कुम्हारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 लाख के अफीम और नगदी के साथ ट्रक ड्राइवर गिरफ्तार
दुर्ग। जिले में अफीम की खेती के खुलासे के बाद पुलिस नशीले पदार्थों के सौदागरों के खिलाफ एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में कुम्हारी थाना पुलिस ने अवैध रूप से अफीम बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से 403 ग्राम अफीम और 14 लाख रुपये से अधिक की नगदी बरामद की है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि खारुन ग्रीन के गेट नंबर 2 के पास एक व्यक्ति अफीम की बिक्री कर रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी गुरमेल सिंह को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से 403 ग्राम अफीम मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
ट्रक ड्राइवर से बना ड्रग तस्कर
पूछताछ में आरोपी गुरमेल सिंह ने बताया कि वह पेशे से ट्रक ड्राइवर है और मूलतः रायपुर का रहने वाला है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से कुम्हारी के खारुन ग्रीन में किराए के मकान में रह रहा था। आरोपी ने कबूल किया कि वह झारखंड के ट्रक ड्राइवरों से अफीम खरीदकर स्थानीय लोगों और अन्य ट्रक ड्राइवरों को सप्लाई करता था।
घर से बरामद हुए लाखों रुपये
आरोपी की निशानदेही पर जब पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली, तो अधिकारी भी दंग रह गए। घर से अफीम की बिक्री के कुल 14 लाख 46 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने अफीम, नगदी और दो मोबाइल फोन सहित कुल 17 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
कुम्हारी पुलिस ने आरोपी गुरमेल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।





