भिलाई: सेक्टर-6 साईं मंदिर में भीषण चोरी, गार्ड को बंधक बनाकर पीटा; बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और नकदी पार

 भिलाई: सेक्टर-6 साईं मंदिर में भीषण चोरी, गार्ड को बंधक बनाकर पीटा; बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और नकदी पार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

भिलाई: सेक्टर-6 साईं मंदिर में भीषण चोरी, गार्ड को बंधक बनाकर पीटा; बाबा के सोने-चांदी के मुकुट और नकदी पार

भिलाई। इस्पात नगरी के सेक्टर-6 स्थित प्रसिद्ध साईं मंदिर में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। लगभग 7 नकाबपोश बदमाशों ने मंदिर परिसर में घुसकर न केवल लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया, बल्कि सुरक्षा में तैनात गार्ड को बंधक बनाकर उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट भी की।

 

 

गार्ड को कुर्सी से पटककर किया बेहोश

पीड़ित गार्ड ने पुलिस को बताया कि नकाबपोश बदमाशों ने अचानक हमला कर उसके हाथ-पैर बांध दिए और आंखों पर कपड़ा लपेट दिया। बदमाशों ने डंडे से उसकी पिटाई की और उसे कुर्सी से उठाकर तीन बार जमीन पर पटका, जिससे वह बेहोश हो गया। फिलहाल घायल गार्ड का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दान पेटी तोड़ी, मुकुट और चरण पादुका ले उड़े

बदमाशों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया। उन्होंने साईं बाबा की मूर्ति पर सुसज्जित सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका चोरी कर ली। इसके अलावा, दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी भारी मात्रा में नकदी भी निकाल ली। चोरों ने मंदिर की बड़ी छत्री को भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन वजन अधिक होने के कारण उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।

जांच में जुटी पुलिस और डॉग स्क्वॉड

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी विजय अग्रवाल और सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी सहित पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुँची। पुलिस ने बताया कि मंदिर के कई ताले टूटे मिले हैं। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है और मंदिर व आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पीछे के घरों में भी चोरी की कोशिश

शुरुआती जांच में पता चला है कि इन बदमाशों ने मंदिर के पीछे स्थित कुछ घरों में भी सेंधमारी का प्रयास किया था। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।