पति बना राह का कांटा, पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या, दुर्ग में अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
++++++++++++++++++++++++++++++++++
दुर्ग पुलिस ने 24 अगस्त को हुई हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी. जानिए पूरा मामला.
दुर्ग।छत्तीसगढ़ के दुर्ग में पुलिस ने एक सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर केस सुलझा लिया है, जिसमें पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी. 24 अगस्त को पति को शराब पिलाने के बहाने आंवला बाड़ी ले जाकर पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी गई थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
दुर्ग में सुलझी अंधे कत्ल की गुत्थी
दरअसल, घटना 24 अगस्त की है जब पुलिस चौकी नगपुरा क्षेत्र के आंवला बाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था. मृतक की उम्र लगभग 40-45 वर्ष बताई गई थी. पुलिस ने तुरंत पहचान के लिए कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्रसारित की और मृतक की तस्वीर साइबर प्रहरी के माध्यम से वायरल कर दी थी. इसी बीच अंजनी ठाकुर नामक एक महिला पहुंची जिसने मृतक की पहचान अपने पति धनेश ठाकुर के रूप में की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी.
पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की
पीएम रिपोर्ट में पाया गया कि मृतक की मौत किसी ठोस वस्तु से सिर में चोट लगने से हुई है. इसके बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103 बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. क्राइम डीएसपी अजय सिंह ने बताया कि गहन जांच के दौरान विशेष पुलिस टीम को पता चला कि मृतक की पत्नी अंजनी ठाकुर का हरपाल सिंह राजपूत से पिछले 25 वर्षों से प्रेम संबंध था. मृतक शराब पीने का आदी था और पिछले दो महीने से बेरोजगार होने के कारण अक्सर अपनी पत्नी से पैसे मांगता था. नहीं देने पर गाली-गलौज करता था और हमेशा घर पर मौजूद रहने के कारण अंजनी और हरपाल से मिलने में दिक्कत होती थी. इसी वजह से दोनों ने धनेश को खत्म करने की योजना बनाई.
पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
24 अगस्त को हरपाल, धनेश को शराब पिलाने के बहाने अंजनी की एक्टिवा पर आंवला बाड़ी ले गया. हरपाल ने नशे में धुत धनेश के सिर पर भारी पत्थर से वार करके उसकी हत्या कर दी. इसके बाद हरपाल ने अंजनी को फोन करके घटना की जानकारी दी. पुलिस ने सबूतों के आधार पर आरोपी हरपाल सिंह उर्फ छोटू और आरोपी अंजनी ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है.









