हाईटेक सट्टेबाजी का भंडाफोड़: कार बनी सट्टा पट्टी का अड्डा, लैपटॉप और लग्जरी मोबाइल के साथ इरफान पाशा अरेस्ट
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
*******************************
हाईटेक सट्टेबाजी का भंडाफोड़: कार बनी सट्टा पट्टी का अड्डा, लैपटॉप और लग्जरी मोबाइल के साथ इरफान पाशा अरेस्ट
भिलाई। दुर्ग जिले में ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में रविवार को छावनी थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने घेराबंदी कर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो अपनी लग्जरी कार में बैठकर सट्टे का काला कारोबार चला रहा था।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि कैंप-2 बैकुंठ धाम वाटिका गेट के पास एक व्यक्ति अपनी क्रेटा कार में बैठकर ‘गुरु 777’ नामक मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन सट्टा खिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली।
खुर्सीपार का रहने वाला है आरोपी
कार की तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी इरफान पाशा (35 वर्ष) को रंगे हाथों ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़ा। आरोपी खुर्सीपार, भिलाई का निवासी बताया जा रहा है। वह ऐप के माध्यम से लोगों से हार-जीत का दांव लगवाकर अवैध रूप से मोटी रकम कमा रहा था।
लाखों का मशरूका बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहन जब्त किया है। जब्त किए गए सामानों में शामिल हैं:
एक सफेद रंग की क्रेटा कार
एक डेल इंस्पिरॉन लैपटॉप
एक आईफोन 16 प्रो मैक्स (Iphone 16 Pro Max)
एक अन्य स्मार्ट मोबाइल फोन
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपए आंकी गई है।
जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज
छावनी पुलिस ने आरोपी इरफान पाशा के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की तस्दीक कर रही है कि इस गिरोह के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इस ऑनलाइन सिंडिकेट में कौन-कौन शामिल है।





