महासमुंद: आबकारी मामले के फरार आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सांकरा टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल

 महासमुंद: आबकारी मामले के फरार आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सांकरा टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

 

महासमुंद: आबकारी मामले के फरार आरोपियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर जानलेवा हमला, सांकरा टीआई समेत कई पुलिसकर्मी घायल

महासमुंद। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहाँ आबकारी मामले के फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों और परिजनों ने संगठित होकर जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में सांकरा थाना प्रभारी (टीआई) समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

दबिश के दौरान अचानक भड़की हिंसा

जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शनिवार शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच सांकरा टीआई उत्तम तिवारी पटेवा पुलिस की संयुक्त टीम के साथ ग्राम पचरी पहुंचे थे। टीम यहाँ आबकारी मामले के फरार आरोपी विजय और विनोद मार्कंडेय को दबोचने गई थी। जैसे ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़कर वाहन में बैठाने की कोशिश की, आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और ईंट-पत्थर लेकर पुलिस टीम पर टूट पड़ी।

टीआई और महिला आरक्षक लहूलुहान, वाहन के शीशे तोड़े

भीड़ के इस अचानक हमले में सांकरा टीआई उत्तम तिवारी, प्रधान आरक्षक और महिला आरक्षकों को सिर, सीने और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। उपद्रवियों ने इस दौरान पुलिस वाहन पर भी पथराव किया, जिससे गाड़ी के कांच चकनाचूर हो गए। संघर्ष इतना बढ़ गया था कि आरोपी की बहन हेमा पुलिस वाहन के सामने सड़क पर लेट गई ताकि गिरफ्तारी को रोका जा सके। हालांकि, महिला आरक्षकों ने सूझबूझ से उसे रास्ते से हटाया।

10 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

कड़ी मशक्कत और भारी विरोध के बावजूद पुलिस टीम आरोपियों को सुरक्षित थाने लाने में सफल रही। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अब तक 10 लोगों को हिरासत में लिया है। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात कर्मियों पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और अन्य फरार हमलावरों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।