आधी रात भिलाई में पुलिस की बड़ी रेड: किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार, आपत्तिजनक सामग्री के साथ पकड़ी गईं 8 युवतियां
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
***************************
आधी रात भिलाई में पुलिस की बड़ी रेड: किराए के मकान में चल रहा था देह व्यापार, आपत्तिजनक सामग्री के साथ पकड़ी गईं 8 युवतियां
दुर्ग/भिलाई:औद्योगिक नगरी भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार के काले कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मंगलवार देर रात एक सुनियोजित घेराबंदी करते हुए किराए के मकान में छापा मारा, जहाँ से एक महिला दलाल, एक ग्राहक और 8 लड़कियों को हिरासत में लिया गया है।
फर्जी ग्राहक बनकर पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, स्मृति नगर के एक रिहायशी इलाके में स्थित किराए के मकान में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें पुलिस को लगातार मिल रही थीं। पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस ने एक टीम तैयार की और योजनाबद्ध तरीके से एक पुलिसकर्मी को ‘फर्जी ग्राहक’ बनाकर भेजा। जैसे ही सौदा तय हुआ, पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दे दी।
भारी मात्रा में सामान और नगदी बरामद
अचानक हुई इस छापामार कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने घर की तलाशी के दौरान वहां से 12 नग मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री और नगदी रकम बरामद की है।
8 महिलाएं हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने इस अवैध गतिविधि को संचालित करने वाली मुख्य महिला और मौके पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, मौके से मिली 8 अन्य महिलाओं को हिरासत में लेकर स्मृति नगर चौकी लाया गया है, जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और इस अनैतिक कार्य में अन्य कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय निवासियों ने राहत व्यक्त की है। फिलहाल, सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।












