कवर्धा: लालपुर कला में नर्सरी के पास मिला अज्ञात युवक का शव, गला रेतकर हत्या की आशंका

 कवर्धा: लालपुर कला में नर्सरी के पास मिला अज्ञात युवक का शव, गला रेतकर हत्या की आशंका

 

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

****************************

 

कवर्धा: लालपुर कला में नर्सरी के पास मिला अज्ञात युवक का शव, गला रेतकर हत्या की आशंका

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर कला में एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव मिला है। रविवार शाम करीब साढ़े 7 बजे मझगांव मार्ग पर स्थित नर्सरी के पीछे नदी किनारे शव को देख ग्रामीणों ने हड़कंप मच गया, जिसकी सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।

धारदार हथियार से रेता गया गला

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची। शुरुआती जांच में यह मामला बेरहमी से की गई हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया है और उसका एक कान भी कटा हुआ पाया गया है। पुलिस को घटनास्थल से एक चाकू भी बरामद हुआ है, जिसे हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार माना जा रहा है।

शिनाख्त में जुटी पुलिस

मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है। डीएसपी कृष्ण कुमार चंद्राकर ने बताया कि मृतक के पास से कोई मोबाइल फोन या पर्स बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है। पुलिस आसपास के गाँवों और थानों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मुखबिरों को सक्रिय कर दिया है और अलग-अलग पहलुओं पर अपनी जांच तेज कर दी है।

पुलिस का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद हत्या के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है।