कोरबा में बदमाशों का आतंक: पेट्रोल पंप कर्मियों को बंधक बनाकर लूटा, ट्रक चालक से भी चाकू की नोक पर छिनैती
राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार
******************************
कोरबा में बदमाशों का आतंक: पेट्रोल पंप कर्मियों को बंधक बनाकर लूटा, ट्रक चालक से भी चाकू की नोक पर छिनैती
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात बदमाशों ने लूट की दो बड़ी वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दी है। पहली घटना चैतमा चौकी क्षेत्र की है, जहाँ एक पेट्रोल पंप पर कर्मचारियों को बंधक बनाकर नकदी लूटी गई। वहीं, दूसरी घटना कुसमुंडा क्षेत्र में हुई, जहाँ एक ट्रक चालक को शिकार बनाया गया।
पेट्रोल पंप पर नकाबपोशों का धावा
चैतमा चौकी क्षेत्र अंतर्गत स्थित एक पेट्रोल पंप पर रात करीब 1 बजे चार नकाबपोश बदमाश लाठी-डंडे और चाकू लेकर घुस आए। बदमाशों ने वहाँ तैनात कर्मचारी कांशीराम टाडिया और राजकुमार कश्यप को डरा-धमकाकर बंधक बना लिया। विरोध करने पर कर्मचारियों के साथ मारपीट की गई और करीब 8,500 रुपये लूट लिए गए। वारदात के बाद आरोपियों ने दोनों कर्मचारियों को एक कमरे में बंद कर दिया और फरार हो गए।
मैनेजर रामकुमार पटेल को सूचना मिलने पर उन्होंने मौके पर पहुँचकर कर्मचारियों को मुक्त कराया। घायल कर्मचारी कांशीराम को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एएसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जाँच जारी है।
ट्रक चालक से लूट, दो आरोपी गिरफ्तार
लूट की दूसरी वारदात कुसमुंडा क्षेत्र में हुई। यहाँ एक ट्रक चालक जैसे ही वाहन पार्क कर नीचे उतरा, बदमाशों ने चाकू की नोक पर उसे घेर लिया। हमलावर चालक से 8,000 रुपये नकद और उसका मोबाइल फोन छीनकर भाग निकले।
शिकायत मिलते ही कुसमुंडा पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए घेराबंदी की और कुछ ही घंटों में स्कूटी सवार दो आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग और एक बालिग शामिल है। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए मोबाइल के साथ 5,200 रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। एएसपी नीतीश ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।











