अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: भिलाई और ओडिशा के बीच चलता था चोरी की बाइकों का ‘एक्सचेंज ऑफर’, 2 आरोपी गिरफ्तार

 अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: भिलाई और ओडिशा के बीच चलता था चोरी की बाइकों का ‘एक्सचेंज ऑफर’, 2 आरोपी गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो मोहम्मद आसिफ खान संपादक वीरेंद्र कुमार

*****************************

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़: भिलाई और ओडिशा के बीच चलता था चोरी की बाइकों का ‘एक्सचेंज ऑफर’, 2 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई: भिलाई नगर पुलिस ने एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह गिरोह पहचान छिपाने के लिए ओडिशा से चोरी किए गए वाहनों को भिलाई में और भिलाई से चोरी किए गए वाहनों को ओडिशा में खपाता था। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चार दोपहिया वाहन बरामद किए हैं।

बाजार से हुई चोरी ने खोला राज

सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, चोरी की यह गुत्थी 13 दिसंबर 2025 को दर्ज हुई एक रिपोर्ट के बाद सुलझनी शुरू हुई। प्रार्थी अजय सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि रूआबांधा स्थित साप्ताहिक शनिचरी बाजार से उनकी बाइक चोरी हो गई है। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की, जिसमें मुखबिर की सूचना पर आरोपी बनवाली कोलथिया को पकड़ा गया।

पुलिस को चकमा देने के लिए अपनाई अनूठी रणनीति

पूछताछ के दौरान बनवाली ने अपने साथी प्रदीप बाग उर्फ राजू और दिलीप के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे राज्यों की सीमा पार कर वाहनों की अदला-बदली करते थे ताकि स्थानीय पुलिस उन तक न पहुँच सके। चोरी की गई बाइकों को सिविक सेंटर की झाड़ियों और सेक्टर-6 स्थित एलआईसी कार्यालय के पास खंडहरों में छिपाकर रखा जाता था।

जेल भेजे गए आरोपी

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर नेवई, भिलाई और ओडिशा से संबंधित कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मुख्य आरोपी बनवाली और प्रदीप बाग को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।